क्रिकेट

Virat Kohli के 45वें वनडे शतक को Sachin Tendulkar ने किया सलाम, जानिए क्या कहा

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 10, 2023, 08:38 PM IST

Sachin Tendulkar salutes Virat Kohli, IND vs SL 1st ODI: धाकड़ भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली द्वारा श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में लगाया शतक सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड हो रहा है। विराट के इस 45वें वनडे शतक को सोशल मीडिया पर महान सचिन तेंदुलकर की सलामी भी मिली है, जानिए उन्होंने क्या कुछ लिखा।

Image

सचिन तेंदुलकर ने विराट को बधाई दी (PTI/AP)

IND vs SL 1st ODI: भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मंगलवार को विराट कोहली ने अपने बल्ले से एक और लाजवाब पारी निकाली। विराट कोहली ने नए साल में अपनी पहली ही पारी में शतक जड़ते श्रीलंकाई गेंदबाजों को बेबस कर दिया। ये विराट कोहली के वनडे करियर का 45वां शतक साबित हुआ जिसने सबका दिल जीत लिया। जिन करोड़ों लोगों का दिल विराट ने जीता है, उनमें महान सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं, जिनके रिकॉर्ड के और करीब पहुंच गए हैं विराट कोहली।

विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 87 गेंदों में 113 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें 12 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। उनकी इस पारी के दम पर ही टीम इंडिया 373 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। विराट कोहली के साल के पहले शतक के आते ही सोशल मीडिया भी जमकर एक्टिव हुआ और हर जगह किंग कोहली की चर्चा शुरू हो गई। सचिन ने ट्वीट करके विराट को बधाई दी।

सचिन तेंदुलकर ने विराट कोहली की जश्न वाली तस्वीरों को पोस्ट करते हुए लिखा, "इसी तरह विराट प्रदर्शन करते रहना, भारत का नाम रोशन करते रहना। भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों द्वारा शानदार प्रदर्शन।" इसके साथ उन्होंने शुभमन गिल और रोहित शर्मा के नाम भी टैग किए जिन्होंने अर्धशतकीय पारियां खेलीं और पहले विकेट के लिए 143 रनों की साझेदारी करते हुए भारत को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ने का मंच दिया।

जब भी विराट कोहली किसी भी क्रिकेट फॉर्मेट में शतक जड़ते हैं तो उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से शुरू हो जाती है। कोहली अब वनडे में शतकों के मामले में सचिन से सिर्फ 4 शतक पीछे हैं। सचिन के नाम 49 वनडे शतक दर्ज हैं जबकि विराट के नाम 45 वनडे शतक दर्ज हो चुके हैं। अगर आपको इन दोनों की तुलना के सभी अहम आंकड़े देखने हैं तो यहां क्लिक करें- Sachin Tendulkar VS Virat Kohli: जानिए अब आंकड़ों में कौन कितना दूर-कितना पास

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article