आज की ताजा खबर, 23 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: आज पीएम मोदी करेंगे नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात...अल नीनो से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र में बाढ़ की आशंका, पुणे-पटना इंडिगो उड़ान को लखनऊ भेजा गया
आज की ताजा खबर लाइव,23 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [पुणे-पटना इंडिगो उड़ान], [अल नीनो], [भारत नेपाल बैठक] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अल नीनो के प्रबल प्रभाव के कारण हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है जिससे सर्दियों के दौरान नेपाल में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है। एक रिपोर्ट में यह आशंका जताई गई है। इसके अलावा, पुणे से पटना जा रही इंडिगो की एक उड़ान को बिहार की राजधानी पटना में खराब मौसम के कारण लखनऊ हवाई अड्डे पर उतारा गया है। हवाई अड्डे के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या 6ई 653 रविवार देर रात दो बजकर 45 मिनट पर लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरी। विमान में पांच शिशुओं समेत 187 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सूत्रों के अनुसार, विमान संभवत: सोमवार सुबह पटना रवाना होगा। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। मार्च 2026 में नेपाल की सत्ता संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा और पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा है।
आज की ताजा खबर, 23 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: आज पीएम मोदी करेंगे नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात...अल नीनो से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र में बाढ़ की आशंका, पुणे-पटना इंडिगो उड़ान को लखनऊ भेजा गया
आज होगी पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात
अल नीनो से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र में बाढ़, भूस्खलन, हिमस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका: रिपोर्ट
काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी), ’बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी’ और चीनी विज्ञान अकादमी के वायुमंडलीय भौतिकी संस्थान ने संयुक्त रूप से ’हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट तैयार की है। इसमें नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं, इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने और जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने अल नीनो का प्रभाव प्रबल से अत्यंत प्रबल रहने की जानकारी दी है। प्रशासन के अनुसार, लगभग 60 प्रतिशत संभावना है कि अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक प्रबल हो सकता है।
आईसीआईएमओडी के वैज्ञानिकों ने कहा कि इस मौसमी घटना के कारण हिमालय की तलहटी में अधिक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में अधिक बर्फबारी हो सकती है।
खराब मौसम के कारण पुणे-पटना इंडिगो उड़ान को लखनऊ भेजा गया
सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या 6ई 653 रविवार देर रात दो बजकर 45 मिनट पर लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरी। विमान में पांच शिशुओं समेत 187 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।
सूत्रों के अनुसार, विमान संभवत: सोमवार सुबह पटना रवाना होगा।
महाराष्ट्र सूखे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार, किसानों को हरसंभव मदद दी जाएगी: सुनेत्रा पवार
पवार ने रविवार को पुणे के बालेवाडी इलाके में शिव छत्रपति खेल परिसर के दौरे के समय संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने किसानों की मदद के लिए जल प्रबंधन की व्यवस्था की है।
उन्होंने कहा कि किसानों को बड़े पैमाने पर चारे की फसल उगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और उन्हें बीज भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पवार ने कहा कि नहरों और बांधों के आसपास रहने वाले किसानों से भी चारे की खेती करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार उनसे चारा खरीदेगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार गारंटी योजना के तहत गर्मियों में कई कार्य कराने का भी प्रस्ताव रखा है ताकि अधिक लोगों को रोजगार मिल सके और उनकी आजीविका चलाने में मदद मिल सके।
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 358 तालुका में से 310 को सूखाग्रस्त घोषित किया है।
जब पवार से पूछा गया कि किसानों को पांच-पांच हजार रुपये की अग्रिम राहत देने की राज्य सरकार की घोषणा के बाद केंद्र से सहायता कब तक मिलने की उम्मीद है तो उन्होंने कोई समयसीमा नहीं बताई। हालांकि, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
खेल परिसर के दौरे में पवार ने वहां विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और कहा कि परिसर में मरम्मत तथा विकास के कई कार्य जारी हैं।
तेलंगाना में आज बीजेपी की 'महापदयात्रा': SIR और 'वोट चोरी' के आरोपों का जवाब देने के लिए करीमनगर में रैली का नेतृत्व करेंगे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन
बीजेपी की ओर से देश भर में आयोजित की जा रही 40 इसी तरह की पदयात्राओं की श्रृंखला का यह एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे पहले 2 नवंबर को हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में इसी तरह की एक रैली आयोजित की गई थी।
मां से भिक्षा मांगने का प्रसंग याद कर योगी ने निराश्रित माताओं का सहारा बनने की अपील की
उत्तराखंड में अपनी मां का अंतिम संस्कार कर लौटे आदित्यनाथ ने अपनी खुली चिट्ठियों की जारी शृंखला ’योगी की पाती’ के नवीनतम अंक में मां के प्रेम को ’’सबसे सुंदर भावना’’ बताया। उन्होंने कहा कि मां का न होना ’’सिर्फ एक व्यक्ति का चले जाना नहीं, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा, निःस्वार्थ प्रेम और घर की सुकूनभरी छांव का भी छिन जाना है।’’
मुख्यमंत्री ने ’एक्स’ पर साझा की अपनी पाती में कहा, ’’यह पाती प्रत्येक मां के नाम है जिनके बिना जीवन नहीं होता.. हम आप नहीं होते। मां केवल जननी ही नहीं, जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है।"
उन्होंने कहा, ’’मेरी प्रथम गुरु, मुझे अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां जब अनंत यात्रा पर निकल गईं तो मेरी आंखों के सामने वह दृश्य बरबस ही कौंध गया जब मैं संन्यास ग्रहण करके तीन वर्ष से भी अधिक समय बीत जाने पर भगवा वस्त्र में अपने घर की दहलीज के बाहर खड़ा था। गोरखपुर से पंचूर की इस यात्रा में भावनाओं का ज्वार उमड़ घुमड़ रहा था।’’
उन्होंने कहा, ’’सन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार, मैंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आई तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पा रहा था। मां कुछ बोल पाती, उससे पहले मैंने कहा, ’मां भिक्षा दीजिए’।’’
उन्होंने बताया कि मां ने स्वयं को संभालने की कोशिश की और कहा, ’’बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी जो भीख मांग रहे हो? मैंने उत्तर दिया, ’मां संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। मां मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ भी देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।’’’
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ’’मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।’’
मुख्यमंत्री ने लोगों से यह संकल्प लेने की भी अपील की कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेंगे, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेंगे और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएंगे।
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में शुक्रवार को उत्तराखंड के उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री और उनके परिजनों ने हरिद्वार में चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया। घाट पर मुख्यमंत्री काफी भावुक दिखायी दिए थे।
