दिल्ली के कृषि भवन परिसर में मौजूद कदीमी मस्जिद को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दिल्ली वक्फ बोर्ड ने कहा कि मस्जिद को पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 के तहत मिलने वाली कानूनी सुरक्षा पर विचार किया जाना जरूरी है। बोर्ड ने कहा कि किसी मौजूदा धार्मिक स्थल की सुरक्षा को केवल यह कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि उसे हटाना सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा है।
वक्फ बोर्ड ने हाईकोर्ट में दाखिल अपने जवाब में कहा कि कृषि भवन मस्जिद, जिसे कदीमी मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है, एक पुराना धार्मिक स्थल है। इसे 16 अप्रैल 1970 की दिल्ली प्रशासन की गजट अधिसूचना में वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज किया गया था। बोर्ड के मुताबिक, उस अधिसूचना में मस्जिद की उम्र 100 साल से अधिक बताई गई थी। बोर्ड ने कहा कि यह मस्जिद कृषि भवन के निर्माण से भी पहले से मौजूद थी।
पुनर्विकास के नक्शे में मस्जिद बचाने की संभावना तलाशें
वक्फ बोर्ड ने कहा कि वह सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के जनहित में होने को स्वीकार करता है और परियोजना के काम में बाधा डालना या देरी करना उसका उद्देश्य नहीं है। हालांकि, बोर्ड का कहना है कि पुनर्विकास के स्वीकृत नक्शे और तकनीकी सामग्री के आधार पर यह जांच की जानी चाहिए कि मस्जिद को परिसर में बनाए रखना संभव है या नहीं।
बोर्ड ने अदालत से कहा कि मस्जिद को हटाना एक अपरिहार्य नतीजा मानने के बजाय ऐसे विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए, जिनसे मौजूदा मस्जिद और वहां होने वाली धार्मिक गतिविधियों को सुरक्षित रखा जा सके। बोर्ड का प्राथमिक अनुरोध मस्जिद के संरक्षण और उसे मौजूदा जगह पर बनाए रखने पर विचार करना है।
1940 के समझौते पर भी वक्फ बोर्ड ने उठाए सवाल
वक्फ बोर्ड ने केंद्र सरकार के लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिस (L&DO) की स्टेटस रिपोर्ट में 8 नवंबर 1940 के एक समझौते पर निर्भरता को भी चुनौती दी। बोर्ड ने कहा कि इस समझौते में कृषि भवन मस्जिद या प्लॉट नंबर 120, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। इसलिए केवल इस समझौते के आधार पर यह मान लेना उचित नहीं होगा कि वह मौजूदा मस्जिद पर लागू होता है।बोर्ड ने यह भी कहा कि समझौते के साथ संबंधित साइट प्लान और ऐसे ऐतिहासिक भूमि रिकॉर्ड पेश नहीं किए गए हैं, जिनसे यह साबित हो सके कि उसमें बताई गई संपत्ति और मौजूदा मस्जिद एक ही हैं।
इमाम की नियुक्ति और बिजली-पानी के कनेक्शन का भी दिया हवाला
वक्फ बोर्ड ने अपने जवाब में कहा कि वह लंबे समय से मस्जिद के प्रबंधन और धार्मिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। बोर्ड ने इमाम और मुअज्जिन की नियुक्ति के पत्रों के साथ पानी और बिजली के कनेक्शन के लिए जारी किए गए अनापत्ति प्रमाणपत्रों का भी हवाला दिया। बोर्ड के मुताबिक, ये दस्तावेज मस्जिद के प्रबंधन में उसकी भूमिका और वहां धार्मिक गतिविधियां जारी रहने की पुष्टि करते हैं।हाईकोर्ट ने केंद्र से पूछा- क्या निकल सकता है कोई समाधान?
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) से पूछा कि क्या इस मामले में कोई समाधान निकाला जा सकता है। अदालत ने कहा कि सभी पक्ष केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं और मस्जिद कई वर्षों से वहां मौजूद है। हाईकोर्ट ने कदीमी मस्जिद केयरटेकर कमेटी को दिल्ली वक्फ बोर्ड के जवाब पर अपना पक्ष दाखिल करने के लिए समय दिया है। मामले में मस्जिद के संरक्षण और सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के बीच कानूनी और व्यावहारिक समाधान तलाशने का सवाल अहम बना हुआ है।
