हेल्थ

30 के बाद यूरिक एसिड बढ़ने की असली वजह आई सामने, एक्सपर्ट ने बताया ज्यादातर लोग कर रहे हैं यही गलती

Uric Acid After 30: क्या आपको भी 30 की उम्र के बाद घुटनों, उंगलियों और जोड़ों में दर्द सताने लगा है, साथ ही सूजन भी रहती है। तो इसकी बड़ी वजह यूरिक एसिड का बढ़ना हो सकता है। आइए जानते हैं 30 के बाद ऐसा क्यों होता है।

Image

30 के बाद लोगों को यूरिक एसिड क्यों कर रहा परेशान, जानिए वजह

High Uric Acid After 30: आजकल 30 साल की उम्र के बाद हाई यूरिक एसिड (High Uric Acid) की समस्या तेजी से बढ़ती दिख रही है। पहले माना जाता था कि यह परेशानी सिर्फ ज्यादा नॉनवेज या सीफूड खाने वालों को होती है, लेकिन अब ऐसा नहीं है। कई ऐसे लोग भी हाई यूरिक एसिड का शिकार हो रहे हैं जो बहुत कम नॉनवेज खाते हैं। हेल्थ इंफ्लुएंसर और फिटनेस कोच अक्षय एस. शेट्टी के अनुसार, इसके पीछे सिर्फ एक फूड नहीं बल्कि हमारी पूरी जीवनशैली जिम्मेदार होती है। ज्यादा मीठा खाना, कम पानी पीना, बढ़ता पेट और खराब खानपान जैसी आदतें धीरे-धीरे शरीर पर असर डालती हैं। कई बार सालों तक शरीर में बदलाव होते रहते हैं और जब जोड़ों में दर्द शुरू होता है, तब जाकर समस्या का पता चलता है।

शरीर पहले ही देने लगता है संकेत

हाई यूरिक एसिड बढ़ने पर पैर के अंगूठे में अचानक तेज दर्द हो सकता है। कुछ लोगों के घुटनों या टखनों में सूजन आ जाती है। चलने-फिरने में दिक्कत होने लगती है और शरीर हमेशा थका-थका महसूस हो सकता है। ऐसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

मीठे ड्रिंक्स बन रहे बड़ी परेशानी

अक्षय एस. शेट्टी बताते हैं कि आजकल लोग पानी से ज्यादा मीठे पेय पी रहे हैं। कोल्ड ड्रिंक, पैकेट वाले जूस, मीठी चाय और कॉफी में मौजूद अतिरिक्त चीनी शरीर में यूरिक एसिड बढ़ाने का काम कर सकती है। यही वजह है कि सिर्फ नॉनवेज को दोष देना सही नहीं है।

बढ़ता पेट और बिगड़ती सेहत का कनेक्शन

पेट के आसपास जमा अतिरिक्त चर्बी सिर्फ वजन नहीं बढ़ाती, बल्कि शरीर के अंदर कई तरह की परेशानियों की शुरुआत भी कर सकती है। जब पेट की चर्बी बढ़ती है तो शरीर में सूजन बढ़ने लगती है और यूरिक एसिड का स्तर भी ऊपर जा सकता है। यही कारण है कि हाई यूरिक एसिड और बढ़ता पेट अक्सर साथ-साथ देखने को मिलते हैं।

कम पानी पीना भी है एक बड़ी गलती

बहुत से लोग दिनभर चाय, कॉफी या सॉफ्ट ड्रिंक तो पी लेते हैं, लेकिन पर्याप्त सादा पानी नहीं पीते। जब शरीर में पानी कम होता है तो यूरिक एसिड खून में ज्यादा जमा होने लगता है। इससे जोड़ों में दर्द और सूजन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए रोज पर्याप्त पानी पीना बेहद जरूरी है।

शराब और प्रोसेस्ड फूड भी बढ़ाते हैं खतरा

बार-बार बाहर का प्रोसेस्ड खाना, पैकेट वाले स्नैक्स और शराब का ज्यादा सेवन शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली पर दबाव डालता है। इससे यूरिक एसिड को शरीर से बाहर निकालने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और उसका स्तर बढ़ सकता है।

सिर्फ खाना नहीं पूरी लाइफस्टाइल जिम्मेदार

अक्षय एस. शेट्टी के मुताबिक, हाई यूरिक एसिड को सिर्फ रेड मीट, सीफूड या नॉनवेज से जोड़कर देखना अधूरी जानकारी है। असल में यह अक्सर इस बात का संकेत होता है कि शरीर की अंदरूनी सेहत ठीक नहीं चल रही। इसलिए सिर्फ एक-दो चीजें छोड़ने के बजाय खानपान सुधारने, नियमित व्यायाम करने, पर्याप्त पानी पीने और स्वस्थ वजन बनाए रखने पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article