11 जुलाई यानी आज से पवित्र सावन माह की शुरुआत हो गई है। इस पावन माह में लोग भगवान शिव की पूजा करते हैं। इसके साथ ही सावन में लोग सोमवार का व्रत भी करते हैं। सावन के सोमवार में व्रत करने का अपना एक अलग महत्व है। ऐसे तो पूरा सावन महीना ही भगवान शंकर को समर्पित होता है, लेकिन खासतौर पर सोमवार का दिन शिव जी की पूजा के लिए जाना जाता है। मान्यता है कि सावन में सोमवार का व्रत करने से भगवान शिव का आशीर्वाद मिलता है। सावन में सोमवार का व्रत करते समय आपको अपनी सेहत का भी ख्याल जरूर रखना चाहिए। क्योंकि बारिश के कारण इन दिनों हमारी इम्यूनिटी काफी प्रभावित रहती है। इसलिए आज हम आपको सोमवार व्रत के दौरान डाइट टिप्स देने जा रहे हैं।
सावन के व्रत में क्या खाना चाहिए?
साबूदाना
व्रत के दौरान खाने के लिए साबूदाना एक बेहतर फूड हो सकता है। फाइबर और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर साबूदाना आपके पेट को भरने के साथ पोषण भी देता है। आप साबूदाने की खिचड़ी या चीला बनाकर खा सकते हैं।
मखाना
व्रत के खाने के लिए मखाना एक हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन है। फाइबर, कैल्शियम, पोटेशियम और प्रोटीन से भरपूर मखाना आपको व्रत के दौरान ऊर्जा से भरा हुआ रखेगा।
सिंघाड़े का आटा
व्रत में खाने के लिए सिंघाड़े का आटा एक हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन है। आयरन और कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स से भरपूर सिंघाड़े का आटा व्रत में खाने का एक हेल्दी विकल्प है।
नींबू पानी
मानसून में इम्यूनिटी बूस्ट करने और हाइड्रेटेड रहने के लिए नींबू पानी का सेवन काफी कारगर माना जाता है। विटामिन-सी से भरपूर नींबू आपको दिनभर एनर्जेटिक बनाए रखता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
