हेल्थ

World Pneumonia Day 2026: बच्चों और बड़ों में निमोनिया के लक्षण क्यों होते हैं अलग? जानें शुरुआती संकेत और कब हो जाएं सावधान

Pneumonia Symptoms in Kids And Adults (निमोनिया के लक्षण): World Pneumonia Day पर जानिए बच्चों और बड़ों में निमोनिया के लक्षण कैसे अलग होते हैं। हालांकि दोनों स्थितियों में सर्दी-जुकाम होता है, लेकिन कुछ लक्षण अलग होते हैं।

Image

Pneumonia Symptoms in Kids And Adults, निमोनिया के लक्षण

World Pneumonia Day 2026, (निमोनिया के लक्षण) Pneumonia Symptoms in Kids And Adults: सर्दी-खांसी और बुखार को अक्सर लोग मौसम बदलने का सामान्य असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार यही लक्षण निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकते हैं। निमोनिया फेफड़ों में होने वाला संक्रमण है, जिसमें फेफड़ों की छोटी वायु थैलियों में सूजन और लिक्विड भर सकता है। इससे सांस लेने में परेशानी होने लगती है।

खास बात यह है कि बच्चों और बड़ों में इस बीमारी के लक्षण हमेशा एक जैसे दिखाई नहीं देते। छोटे बच्चे अपनी तकलीफ ठीक से बता नहीं पाते, इसलिए उनमें कुछ अलग संकेत नजर आ सकते हैं। वहीं वयस्कों में लगातार खांसी, सीने में दर्द और सांस फूलने जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं। हर साल 12 नवंबर को विश्व निमोनिया दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर पहचान व इलाज के महत्व को समझाना है।

बच्चों में निमोनिया के लक्षण

बच्चों, खासकर पांच साल से कम उम्र के बच्चों में निमोनिया की पहचान करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। ऐसे में माता-पिता को उनके व्यवहार और सांस लेने के तरीके पर ध्यान देना चाहिए।

बच्चों में निमोनिया के प्रमुख लक्षण हैं:

  • बार-बार खांसी और बुखार आना।
  • सामान्य से ज्यादा तेज सांस लेना।
  • सांस लेते समय पसलियों के नीचे छाती का अंदर की ओर धंसना।
  • दूध पीने या खाना खाने में परेशानी होना।
  • बहुत ज्यादा सुस्ती या चिड़चिड़ापन।
  • गंभीर स्थिति में होंठ और जीभ का नीला पड़ना।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, छोटे बच्चों में तेज सांस चलना और सांस लेते समय छाती का अंदर धंसना निमोनिया के महत्वपूर्ण संकेत हैं।

बड़ों में निमोनिया के लक्षण

वयस्कों में निमोनिया के लक्षण कई बार सामान्य फ्लू या सीजनल संक्रमण जैसे लग सकते हैं। इसलिए लगातार खांसी और बुखार को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

बड़ों में इसके सामान्य लक्षण हैं:

  • लगातार खांसी आना और बलगम निकलना।
  • तेज बुखार और ठंड लगना।
  • सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना।
  • गहरी सांस लेने या खांसने पर सीने में दर्द।
  • शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान।
  • भूख कम लगना और कमजोरी महसूस होना।

बुजुर्गों में एक अलग तरह का संकेत भी देखने को मिल सकता है। उन्हें तेज बुखार आने के बजाय अचानक भ्रम, कमजोरी या असामान्य व्यवहार की समस्या हो सकती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article