हेल्थ

दिवाली पर खूब खाईं मिठाइयां और पकवान? अब दिल को संभालने के लिए तुरंत बदलें ये आदतें, एक्सपर्ट्स से जानिए खास हार्ट हेल्थ टिप्स

दिवाली के बाद ज्यादा मिठाई, तला-भुना खाना और नमक दिल की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं। जानिए डॉक्टरों की सलाह से खानपान, व्यायाम, नींद और जीवनशैली में कौन से बदलाव करके हृदय को स्वस्थ रख सकते हैं।

Image

Healthy Habits for heart health post diwali

Heart Healthcare Post Diwali: दिवाली का त्योहार मिठाइयों, पकवानों और अपनों के साथ जश्न मनाने का नाम है। त्योहार के दिनों में घर में तरह-तरह के पकवान बनते हैं और मेहमानों के आने-जाने का सिलसिला भी चलता रहता है। ऐसे में कब जरूरत से ज्यादा मिठाई, नमकीन और तला-भुना खाना खा लेते हैं, पता ही नहीं चलता। लेकिन त्योहार की ये छोटी-छोटी खाने की गलतियां आपके दिल की सेहत पर भारी पड़ सकती हैं।

खासकर डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल और पहले से हृदय रोग से परेशान लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है। दिवाली के बाद अब समय है अपनी दिनचर्या और खानपान को दोबारा संतुलित करने का। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान बदलाव करके आप अपने दिल का ख्याल रख सकते हैं। आइए एक्सपर्ट्स से जानते हैं कि त्योहार के बाद हार्ट हेल्थ बेहतर रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

ज्यादा मिठाई खाने से बचें

दिवाली पर मिठाइयों से दूरी बनाना आसान नहीं होता। लेकिन UMC Hospitals, नवी मुंबई के कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. अभिजीत चव्हाण के अनुसार, मिठाई पूरी तरह छोड़ने के बजाय उसकी मात्रा सीमित रखना जरूरी है। डायबिटीज के मरीज एक बार में कम मात्रा में मिठाई खाएं और दिनभर बार-बार मीठा खाने से बचें। साथ ही, नियमित भोजन की जगह मिठाइयों को बिल्कुल न लें।

तली चीजों और नमक का सेवन कम

त्योहारों के बाद कई घरों में नमकीन, चिप्स, अचार और पापड़ खाने का सिलसिला जारी रहता है। तला भुना खाने से कोलेस्ट्रोल बढ़ सकता है, साथ ही इन चीजों में नमक की मात्रा अधिक हो सकती है। ज्यादा नमक खाने से ब्लड प्रेशर बढ़ने और शरीर में पानी जमा होने की समस्या हो सकती है। UMC Hospitals, नवी मुंबई के इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. श्रीकांत नाइगुडे बताते हैं कि खासकर हार्ट फेलियर के मरीजों को नमक के सेवन पर ध्यान देना चाहिए। ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल की दवाएं भी डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित लेते रहें।

ये चीजें करें रूटीन में शामिल

त्योहार खत्म होने के बाद लाइफस्टाइल में छोटे मोटे बदलाव कर सेहत का ख्याल रखा जा सकता है। जिसमें रात में हल्का भोजन खाना और जल्दी खाना शामिल है। इसी के साथ साथ रोजाना करीब 30 मिनट तक पैदल चलने की आदत भी सेहतमंद हो सकती है। दिल की सेहत में सुधार के लिए फिजिकल एक्टिविटी और अच्छा रूटीन जरूरी है। जिसमें समय से खाना, सोना और आराम करना शामिल है।

त्योहारों की भागदौड़ में थकान, तबियत खराब हो सकती है। लेकिन अगर आपको सीने में बेचैनी, अचानक पसीना आना, सांस फूलना, चक्कर आना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखे तो इन्हें नजरअंदाज न करें। अगर दर्द हाथ, जबड़े या पीठ तक फैल रहा है, तो इसे बेहद गंभीरता से लें। डॉ. के अनुसार, ऐसे लक्षणों में तुरंत मेडिकल सहायता लेना जरूरी है। हार्ट अटैक के दौरान समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। इसके अलावा, त्योहार के बाद अपनी नींद का समय नियमित करें, पर्याप्त पानी पिएं और तनाव कम रखने की कोशिश करें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article