बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं के शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव, मेटाबॉलिज्म में कमी और मांसपेशियों की कमजोरी देखने को मिलती है, जिससे वेट कंट्रोल करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। जानी-मानी सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने 40 की उम्र पार कर चुकी महिलाओं को फिट और हेल्दी रहने के लिए कुछ बेहद खास टिप्स साझा किए हैं। उनके ये टिप्स वेट लॉस करने और लाइफस्टाइल को बेहतर बनाने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं:
रूटीन में शामिल करें योग
बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं का आत्मविश्वास और शारीरिक संतुलन प्रभावित होने लगता है। रुजुता इसके लिएशीर्षासन, सर्वांगासन और हलासन जैसे योग आसनों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी है। ये आसन रीढ़ की हड्डी, पीठ, कूल्हों और कंधों को मजबूत बनाने के साथ-साथ पॉश्चर को भी सुधारते हैं।
खानपान में विविधता लाएं
वजन घटाने के चक्कर में बिना सोचे-समझे किसी फूड ग्रुप को पूरी तरह से छोड़ देना सही नहीं है। इसके बजाय रुजुता ने खानपान में संतुलन और विविधता रखने पर जोर दिया है:
कंदमूल: हफ्ते में कम से कम एक बार सूरन, अरबी और शकरकंद जैसी चीजों का सेवन जरूर करें।
मोटे अनाज: अपने आहार में रागी, बाजरा, राजगीरा और ज्वार जैसे मिलेट्स को शामिल करें, जो शरीर को आयरन और जरूरी माइक्रोन्यूट्रिएंट्स देते हैं।
मूंगफली: रोजाना एक मुट्ठी मूंगफली खाने की आदत डालें। इसमें मौजूद विटामिन बी6, अमीनो एसिड और फाइबर महिलाओं में पीएमएस के लक्षणों और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद करते हैं।
Waist-to-Hip Ratio पर दें ध्यान
वजन तौलने वाली मशीन पर बार-बार नंबर देखने के बजाय महिलाओं को अपने वेस्ट-टू-हिप रेशियो पर ध्यान देना चाहिए। रुजुता सलाह देती हैं कि कमर और कूल्हे के माप में कम से कम 8 इंच का अंतर होना चाहिए और कमर का माप 36 इंच से कम रहना चाहिए। पेट के आसपास जमा होने वाली अतिरिक्त चर्बी आगे चलकर ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकती है।
खुद को दें कम से कम चार साल का समय
फिटनेस कोई चार दिन का चमत्कार नहीं है। रुजुता का मानना है कि अगर आपने पिछले 40 सालों से अपने शरीर पर खास ध्यान नहीं दिया है, तो आप सिर्फ चार दिन की एक्सरसाइज या डाइटिंग से वजन कम करने की उम्मीद न करें। किसी भी स्वास्थ्य और फिटनेस रूटीन को अपनाने के लिए खुद को कम से कम चार साल का समय दें और धैर्य के साथ योग, संतुलित खानपान व अन्य अच्छी आदतों का नियमित पालन करें।
