शहर

Greater Noida West मेट्रो को मिली मंजूरी, जानें कब चलेगी पहली Metro, पूरा रूट और स्टेशनों की डिटेल

Greater Noida West Metro Project: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए मेट्रो परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। नोएडा में सेक्टर-51 से चारमूर्ति तक 8.449 किमी लंबा कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें पांच स्टेशन होंगे। पूरा रूट और स्टेशनों की डिटेल यहां है।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को मेट्रो के सफर के लिए करना होगा इंतजार

Greater Noida West Metro Project: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को वर्षों से मेट्रो का इंतजार है। यहां के निवासियों के इस लंबे इंतजार को आखिरकार एक अहम मुकाम मिल गया है, क्योंकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय मंत्रीमंडल ने कल यानी बुधवार 11 नवंबर को ही इसे मंजूरी दी। लेकिन मेट्रो का इंतजार अब भी काफी लंबा है। अब भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को चारमूर्ति चौक से मेट्रो में सवार होने के लिए कई साल तक इंतजार करना पड़ेगा।

केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (चारमूर्ति चौक) तक 8.449 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 2390 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इस रूट पर पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे।

2031 तक करना होगा इंतजार!

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को मेट्रो में सफर के लिए साल 2031 तक इंतजार करना पड़ सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है और इसे 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा हो जाएगा तो 2031 में चारमूर्ति से मेट्रो दौड़ने लगेगी। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने निर्माण कार्य के लिए सिविल कॉन्ट्रैक्टर का चुनाव भी कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो का पूरा रूट और स्टेशन

इस नए कॉरिडोर की शुरुआत नोएडा सेक्टर-51 से होगी और इसका अंतिम स्टेशन ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 में होगा। रास्ते में पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रस्तावित स्टेशनों की लिस्ट इस प्रकार है :

  • नोएडा सेक्टर-61
  • नोएडा सेक्टर-70
  • नोएडा सेक्टर-122
  • नोएडा सेक्टर-123
  • ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 (चारमूर्ति चौक)

इस रूट का सबसे अहम हिस्सा सेक्टर-61 स्टेशन होने जा रहा है। इस स्टेशन पर यात्रियों को दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के साथ इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को दिल्ली और एनसीआर के दूसरे इलाकों तक पहुंचने में आसानी होगी।

गौर सिटी, सुपरटेक सहित इन इलाकों को होगा फायदा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से आवासीय सोसायटियों और कॉमर्शियल स्पेस का विस्तार हुआ है। लेकिन सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के चलते यहां रहने वाले लाखों लोगों को रोजाना सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है।

इस नई मेट्रो लाइन से गौड़ सिटी-1 और गौड़ सिटी-2, गौर सौंदर्यम, सुपरटेक इको विलेज-2, AIMS गोल्फ एवेन्यू, आस्था ग्रीन्स, पंचशील ग्रीन्स-2 के साथ ही क्लियो काउंटी, सेक्टर-122, सेक्टर-70 और आसपास के आवासीय इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा गौड़ सिटी मॉल, एचएंडएस मॉल, ब्लू सफायर मॉल, आईटी कंपनियों, स्कूलों और अस्पतालों तक पहुंच भी आसान होगी।

अभी पीक आवर्स में चार मूर्ति चौक और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। मेट्रो शुरू होने के बाद निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने और सड़क यातायात को राहत मिलने की उम्मीद है।

2010 से हो रही मेट्रो की मांग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो की मांग साल 2010 से ही उठ रही है। साल 2015 में NMRC ने इस कॉरिडोर की DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की थी। शुरुआती योजना में सेक्टर-61 से नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो ले जाने का प्रस्ताव था। हालांकि, रूट में बदलाव और रैपिड रेल कॉरिडोर के साथ संभावित दोहराव जैसे मुद्दों के कारण परियोजना लंबे समय तक अटकी रही।

फरवरी 2024 में पांच स्टेशनों वाली संशोधित DPR को मंजूरी दी गई। इसके बाद जुलाई 2026 में पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड से मंजूरी मिली और अब कल यानी बुधवार 11 नवंबर 2026 को केंद्रीय कैबिनेट ने परियोजना को हरी झंडी दे दी है।

मेट्रो नेटवर्क में होगा बड़ा विस्तार

इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्टिव मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए यह परियोजना सिर्फ मेट्रो सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन और शहर की कनेक्टिविटी के लिहाज से भी अहम साबित हो सकती है।

हालांकि, यहां के निवासियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि निर्माण कार्य कितनी तेजी से आगे बढ़ता है। और क्या 2031 की डेडलाइन तक मेट्रो में सफर करने का उनका सपना पूरा होता है या नहीं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article