देश

अमेरिका दौरे पर जाएंगे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कोलंबिया और शिकागो विश्वविद्यालय के छात्रों से करेंगे संवाद

Rahul Gandhi US Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 16 से 19 नवंबर तक अमेरिका दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 17 नवंबर को कोलंबिया और 18 नवंबर को शिकागो विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद करेंगे।

Image

अमेरिका के दौरे पर जाएंगे राहुल गांधी (फोटो- rahulgandhi)

Rahul Gandhi US Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी आगामी 16 नवंबर को अमेरिका के दौरे पर रवाना होंगे। लगभग तीन दिनों के इस संक्षिप्त प्रवास के दौरान वह अमेरिका के दो प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों-कोलंबिया विश्वविद्यालय और शिकागो विश्वविद्यालय-के छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद करेंगे। यात्रा संपन्न करने के बाद वह 19 नवंबर को भारत लौट आएंगे।

राहुल गांधी के अमेरिका दौरे का कार्यक्रम

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के अनुसार, राहुल गांधी का यह दौरा प्रवासी भारतीयों की रैलियों के बजाय विशुद्ध रूप से शैक्षणिक और वैचारिक संवाद पर केंद्रित है। उनके कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:

16 नवंबर: नई दिल्ली से अमेरिका के लिए प्रस्थान।

17 नवंबर (कोलंबिया विश्वविद्यालय): न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय में वह छात्रों के साथ एक 'फायरसाइड चैट' (औपचारिक-अनौपचारिक संवाद सत्र) में हिस्सा लेंगे। इसमें वैश्विक स्तर पर छात्र आंदोलनों के उभार, लोकतंत्र पर इसके प्रभाव तथा शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

18 नवंबर (शिकागो विश्वविद्यालय): अपने दौरे के दूसरे मुख्य कार्यक्रम में वह शिकागो विश्वविद्यालय के छात्रों से रूबरू होंगे और प्रसिद्ध राजनीति विज्ञान प्रोफेसर डॉ. रॉबर्ट पेप (Dr. Robert Pape) के साथ भू-राजनीति (Geopolitics) एवं वैश्विक मामलों पर संवाद करेंगे।

19 नवंबर: कार्यक्रमों के समापन के बाद स्वदेश वापसी।

राहुल गांधी के विदेश दौरों पर होता रहा है बवाल

राहुल गांधी के विदेश दौरों पर होते रहे हाल के महीनों में और पिछले साल अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप सहित कई देशों की यात्राएं की हैं, जिनमें उन्होंने विभिन्न वैश्विक मंचों, विश्वविद्यालयों और प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद किया है। इन दौरों के दौरान कैम्ब्रिज, चैथम हाउस, हार्वर्ड, स्टैनफोर्ड और हर्टी स्कूल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भारत की लोकतांत्रिक स्थिति, संस्थाओं की कार्यप्रणाली और आर्थिक नीतियों पर दिए गए उनके बयानों ने भारत में तीखी राजनीतिक बहस को जन्म दिया। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि वे विदेशी धरती पर देश की छवि धूमिल करते हैं, साथ ही उनके दौरों के खर्च और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने इन यात्राओं को वैश्विक स्तर पर लोकतांत्रिक विमर्श और प्रवासी संवाद का हिस्सा बताते हुए भाजपा के आरोपों को बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की रणनीति करार दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article