हेल्थ

यूरिक एसिड बढ़ने पर दालें खाने से न करें परहेज, इन 3 तरीकों से करें इसे कंट्रोल; रुजुता दिवेकर ने बताए आसान उपाय

यूरिक एसिड बढ़ने पर दालें छोड़ना जरूरी नहीं है। न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर के मुताबिक, पर्याप्त पानी, फाइबर युक्त सब्जियां, साबुत अनाज, विटामिन C वाले फल और नियमित एक्सरसाइज को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

Image

How to control uric acid

How to control Uric Acid: आजकल खराब खानपान और बदलती जीवनशैली के कारण यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या तेजी से सामने आ रही है। शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर जोड़ों में दर्द, सूजन और गाउट जैसी परेशानियां हो सकती हैं। कई लोग यूरिक एसिड बढ़ने की जानकारी मिलते ही अपनी डाइट से दालों को पूरी तरह हटा देते हैं। हालांकि, मशहूर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर का कहना है कि यूरिक एसिड के मरीजों को दालें खाना बंद करने की जरूरत नहीं है।

    उनके मुताबिक, दालों को यूरिक एसिड बढ़ने का मुख्य कारण मानना पुरानी सोच है। इसके बजाय खानपान में फाइबर, साबुत अनाज और विटामिन C से भरपूर चीजों को शामिल करना जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने और नियमित शारीरिक गतिविधियां करने से भी सेहत को फायदा मिल सकता है। रुजुता दिवेकर ने अपने एक यूट्यूब वीडियो में यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए कुछ आसान डाइट और लाइफस्टाइल टिप्स साझा किए हैं। आइए जानते हैं उनके बताए इन उपायों के बारे में।

    यूरिक एसिड कंट्रोल करने के 3 आसान तरीके

    1. पर्याप्त पानी पिएं और पानी वाली सब्जियां खाएं

    यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना जरूरी है। रुजुता दिवेकर के अनुसार, दिनभर में पर्याप्त पानी पीना चाहिए। उन्होंने 2 से 3 लीटर पानी पीने का सुझाव दिया है। हालांकि, पानी की सही मात्रा व्यक्ति की उम्र, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य पर निर्भर करती है।

    जिन लोगों को किडनी या हार्ट से जुड़ी समस्या है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही पानी पीना चाहिए। इसके अलावा डाइट में लौकी, तोरई और टिंडा जैसी सब्जियों को शामिल करें। इनमें पानी और फाइबर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो संतुलित खानपान का हिस्सा हैं।

    2. साबुत अनाज और मिलेट्स को बनाएं डाइट का हिस्सा

    रुजुता दिवेकर का मानना है कि यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए फाइबर से भरपूर भोजन करना चाहिए। इसके लिए गेहूं और मिलेट्स को डाइट में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने बाजार से साबुत गेहूं खरीदकर घर या चक्की में पिसवाने की सलाह दी है।

    वहीं, पॉलिश्ड चावल की जगह सिंगल पॉलिश्ड चावल का विकल्प चुन सकते हैं। इसके अलावा सप्ताह में कम से कम दो बार मिलेट्स की रोटी खाना भी फायदेमंद हो सकता है। साबुत अनाज और मिलेट्स संतुलित आहार के जरिए शरीर को जरूरी पोषक तत्व और फाइबर देते हैं।

    3. विटामिन C से भरपूर फल खाएं

    विटामिन C भी यूरिक एसिड से जुड़ी डाइट में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रुजुता दिवेकर के अनुसार, रोजाना आंवले का सेवन करना चाहिए। इसे शरबत, मुरब्बे या अचार के रूप में खाया जा सकता है।

    अगर आपको आंवला पसंद नहीं है, तो अमरूद, संतरा और काजू फल जैसे विकल्प चुन सकते हैं। ये फल विटामिन C के अच्छे स्रोत हैं। हालांकि, आंवले का मुरब्बा या शरबत लेते समय अतिरिक्त चीनी की मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।

    सूर्य नमस्कार और एक्सरसाइज भी हैं जरूरी

    सिर्फ खानपान में बदलाव करना ही पर्याप्त नहीं है। नियमित शारीरिक गतिविधियां भी जरूरी हैं। रुजुता दिवेकर के मुताबिक, सूर्य नमस्कार एक अच्छा योग अभ्यास है, जो शरीर के अलग-अलग जोड़ों की गतिशीलता बनाए रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा रोजाना टहलना और हल्की एक्सरसाइज करना भी फायदेमंद है। अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार व्यायाम का चुनाव करें।

    यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए स्मोकिंग और शराब से दूरी बनाना बेहतर है। इसके अलावा लंबे समय तक बैठे रहने और शारीरिक गतिविधियों की कमी से बचें। बिस्कुट, चिप्स, पैकेज्ड जूस और कोला जैसे प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का सेवन भी सीमित करें।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article