National Nutrition Week : देश में हर साल 1-7 सितंबर के बीच राष्ट्रीय पोषण सप्ताह (National Nutrition Week) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को संतुलित आहार और पोषण के महत्व के बारे में जागरूक करना है। सेहतमंद रहने के लिए पोषण संबंधी सलाह सभी के लिए जरूरी होती है। लेकिन बात जब गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं की आती है, तो उनके लिए ये सेहत संबंधी सलाह और जरूरी हो जाती है। क्योंकि इस दौरान उनके खानपान से उनकी अपनी सेहत के साथ-साथ बच्चे की सेहत पर भी सीधा असर पड़ता है। गर्भावस्था और स्तनपान के समय महिलाओं को अतिरिक्त ऊर्जा, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स की जरूरत होती है। अगर इस दौरान संतुलित और पोषक आहार नहीं लिया जाए तो मां और बच्चा दोनों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। आइए जानते इनके लिए पोषण संबंधी कुछ जरूरी सलाह...
गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण संबंधी सलाह
- गर्भवती महिलाओं को अपनी डाइट को बैलेंस करने की काफी जरूरत है। इस दौरान उनकी डाइट में दालें, अनाज, दूध, हरी पत्तेदार सब्जियां, फल और ड्राई फ्रूट्स शामिल होने चाहिए। इससे शरीर के लिए जरूरी सभी पोषक तत्व मिलते हैं।
- गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में खून की कमी होना आम समस्या है। इससे बचाव के लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियां, अनार, चुकंदर और डॉक्टर की सलाह पर आयरन-फॉलिक एसिड की गोलियां भी ले सकते हैं।
- गर्भावस्था में गर्भ में पल रहे बच्चे की हड्डियों के संपूर्ण विकास के लिए आपको विटामिन-डी और कैल्शियम से भरपूर चीजों का सेवन करना चाहिए। इसके लिए दूध, पनीर, दही और धूप से मिलने वाला विटामिन-डी बेहद जरूरी है।
- गर्भावस्था के दौरान शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें। इसके लिए रोजाना 8-10 गिलास पानी के साथ नारियल पानी और नींबू पानी का सेवन जरूर करें। ये आपको कब्ज से भी बचाकर रखता है।
स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए पोषण संबंधी सलाह
- स्तनपान कराने वाली महिलाओं को सामान्य से अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। इसलिए उनकी डाइट में कार्बोहाइड्रेट और फैट्स की मात्रा अधिक होनी चाहिए।
- स्तनपान कराने वाली महिलाओं की डाइट में दूध, मेथी, सौंफ, ओट्स और साबुत अनाज जैसी चीजें जरूर शामिल होनी चाहिए। क्योंकि ये सभी चीजें दूध की मात्रा बढ़ाने में मदद करते हैं।
- स्तनपान के दौरान शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे बचाव के लिए आपको भरपूर पानी के अलावा छाछ, नारियल पानी, और हर्बल ड्रिंक्स का सेवन करना चाहिए।
- स्तनपान कराने वाली महिलाओं को इस दौरान विटामिन-बी12 और कैल्शियम से भरपूर चीजों का सेवन जरूर करना चाहिए। इससे मां और बच्चे दोनों में आने वाली कमजोरी से बचा जा सकता है और बच्चे की ग्रोथ बेहतर होती है।
