हेल्थ

एक दिन में कितने बादाम खाने चाहिए, क्या ज्यादा बादाम खाने से पेट में गैस बनती है, जानें बादाम खाने का सही तरीका

Ek Din mein kitne badam khayein: सर्दी के मौसम में बादाम खाने हैं मगर एक दिन में कितने बादाम खाएं। जानें रोजाना बादाम खाने की सही मात्रा, ज्यादा बादाम खाने से होने वाले नुकसान और सेवन का सही तरीका। ये भी जानें कि क्या ज्यादा बादाम पेट में गैस बनाते हैं।

Image

क्या बादाम खाने से बनती है पेट में गैस, कितने बादाम खाना करता है नुकसान (AI Image)

Ek Din mein kitne badam khayein: बादाम को सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। यही वजह है कि कई लोग अपने दिन की शुरुआत भीगे हुए बादाम खाकर करते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी को बादाम खाने की सलाह दी जाती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन E, मैग्नीशियम और हेल्दी फैट जैसे कई पोषक तत्व होते हैं। ये दिल की सेहत से लेकर दिमाग और त्वचा तक के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहत के लिए फायदेमंद बादाम भी ज्यादा खाने पर परेशानी पैदा कर सकते हैं? कई लोग मुट्ठी भर बादाम खा लेते हैं। उन्हें लगता है कि जितने ज्यादा बादाम खाएंगे, उतना ही फायदा मिलेगा। जबकि ऐसा नहीं है। बादाम में कैलोरी और फाइबर दोनों अच्छी मात्रा में होते हैं। ऐसे में इनका जरूरत से ज्यादा सेवन पाचन और वजन से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है। आइए जानते हैं कि एक दिन में कितने बादाम खाने चाहिए और ज्यादा खाने से क्या नुकसान हो सकते हैं।

एक दिन में कितने बादाम खाने चाहिए

डायटीशियन दीपाली शर्मा (सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली) बताती हैं कि आमतौर पर एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति के लिए रोजाना 20–25 ग्राम बादाम यानी करीब 15–20 बादाम एक उचित मात्रा हो सकती है। हालांकि, यह मात्रा व्यक्ति की उम्र, खानपान, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य पर निर्भर करती है। अगर आप पहले से ही अपनी डाइट में दूसरे नट्स और बीज शामिल करते हैं, तो बादाम की मात्रा उसी हिसाब से तय करनी चाहिए।

बादाम को सुबह नाश्ते के साथ या दिन में स्नैक के तौर पर खाया जा सकता है। इन्हें भिगोकर खाना जरूरी नहीं है। कच्चे और बिना नमक वाले बादाम भी पोषण के लिहाज से अच्छे विकल्प हैं।

ज्यादा बादाम खाने से क्या नुकसान हो सकते हैं

  1. पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या: दीपाली शर्मा के अनुसार, बादाम में फाइबर अच्छी मात्रा में होता है। सीमित मात्रा में यह पाचन के लिए अच्छा है, लेकिन एक साथ बहुत ज्यादा बादाम खाने से पेट में गैस, भारीपन और ब्लोटिंग हो सकती है। खासकर जिन लोगों का पाचन संवेदनशील है, उन्हें इसका ज्यादा सेवन परेशान कर सकता है।
  2. बढ़ सकता है वजन: बादाम में हेल्दी फैट जरूर होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इन्हें कितनी भी मात्रा में खाया जा सकता है। 100 ग्राम बादाम में लगभग 575–580 कैलोरी होती हैं। ऐसे में रोजाना जरूरत से ज्यादा बादाम खाने से आपकी कुल कैलोरी बढ़ सकती है। लंबे समय तक ऐसा करने पर वजन बढ़ने की आशंका रहती है।
  3. कब्ज या दस्त की परेशानी: फाइबर की अधिक मात्रा कुछ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। अगर आप अचानक बहुत सारे बादाम खाने लगते हैं और पर्याप्त पानी नहीं पीते, तो कब्ज हो सकती है। वहीं, कुछ लोगों को ज्यादा मात्रा में बादाम खाने से दस्त या पेट में ऐंठन की शिकायत भी हो सकती है।
  4. किडनी स्टोन का खतरा: बादाम में ऑक्सलेट पाया जाता है। यह एक ऐसा तत्व है जो कुछ लोगों में कैल्शियम के साथ मिलकर किडनी स्टोन बनने में भूमिका निभा सकता है। जिन लोगों को पहले कैल्शियम ऑक्सलेट स्टोन हो चुका है या जिन्हें बार-बार पथरी की समस्या होती है, उन्हें बादाम की मात्रा डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से तय करनी चाहिए।
  5. एलर्जी होने पर हो सकती है गंभीर परेशानी: कुछ लोगों को बादाम से एलर्जी होती है। ऐसे लोगों को बादाम खाने के बाद खुजली, त्वचा पर लाल चकत्ते, होंठों या चेहरे पर सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। ऐसी स्थिति में तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए।
  6. पोषक तत्वों का असंतुलन: अगर आप रोजाना बहुत ज्यादा बादाम खाते हैं और इसके कारण दूसरे खाद्य पदार्थों की मात्रा कम कर देते हैं, तो आपकी डाइट असंतुलित हो सकती है। शरीर को सिर्फ बादाम से सभी जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते। इसलिए फल, सब्जियां, दालें, अनाज और दूसरे प्रोटीन स्रोत भी डाइट में शामिल करना जरूरी है।

बादाम खाने का सही तरीका क्या है

दीपाली शर्मा की सलाह है कि बादाम को अपनी डाइट में शामिल करने के लिए कुछ छोटी बातों का ध्यान रखें -

  • बिना नमक वाले सादे बादाम चुनें।
  • इन्हें कच्चा या भिगोकर, दोनों तरह से खा सकते हैं।
  • अगर पहली बार बादाम खा रहे हैं, तो कम मात्रा से शुरुआत करें।
  • इन्हें खाने के साथ पर्याप्त पानी पिएं।
  • बादाम के साथ दूसरे नट्स भी खाते हैं, तो उनकी कुल मात्रा का ध्यान रखें।

ध्यान रखें कि बादाम सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इन्हें किसी जादुई सुपरफूड की तरह देखने की जरूरत नहीं है। संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर सही मात्रा में खाना ही बेहतर है। अगर आपको किडनी स्टोन, नट्स एलर्जी या पाचन संबंधी समस्या है, तो अपनी जरूरत के हिसाब से इनकी मात्रा तय करें।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article