हेल्थ

National Epilepsy Day: मिर्गी का दौरा क्यों पड़ता है? कितने दिनों में आता है दौरा और क्या हैं इसके शुरुआती संकेत?

National Epilepsy day: मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें दिमाग की इलेक्ट्रिकल गतिविधि में अचानक गड़बड़ी होने से दौरे पड़ सकते हैं। जानिए मिर्गी का दौरा आने की वजह, इसकी अवधि, इलाज और देखभाल के तरीके क्या हैं।

Image

मिर्गी का दौरा क्यों पड़ता है

National Epilepsy day: क्या आपने कभी किसी व्यक्ति को अचानक जमीन पर गिरते, हाथ-पैर झटके खाते या कुछ देर के लिए बेहोश होते देखा है? ऐसी स्थिति देखकर अक्सर लोग घबरा जाते हैं। कई बार जानकारी की कमी के कारण आसपास मौजूद लोग गलत तरीके से मदद करने लगते हैं। मिर्गी के दौरे को लेकर समाज में आज भी कई तरह की गलत धारणाएं मौजूद हैं।

जबकि सच्चाई यह है कि मिर्गी दिमाग से जुड़ी एक चिकित्सकीय स्थिति है, जिसका इलाज और सही देखभाल संभव है। हर साल 17 नवंबर को राष्ट्रीय मिर्गी दिवस (National Epilepsy Day) मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दिन हमें यह समझने की जरूरत है कि मिर्गी क्यों होती है, दौरा कितनी बार आ सकता है और ऐसी स्थिति में मरीज की मदद कैसे करनी चाहिए।

मिर्गी का दौरा पड़ने की वजह क्या है?

मिर्गी को मेडिकल भाषा में Epilepsy कहा जाता है, जो एक दिमाग से जुड़ी बीमारी है। हमारा दिमाग शरीर के हर काम को नियंत्रित करता है। इसके लिए दिमाग के सेल्स इलेक्ट्रिकल सिग्नल के जरिए एक-दूसरे तक संदेश पहुंचाती हैं। जब इन संकेतों में अचानक असामान्य गतिविधि होने लगती है, तब व्यक्ति को मिर्गी का दौरा पड़ सकता है।

मिर्गी की बीमारी कैसे होती है

  • सिर में गंभीर चोट: दुर्घटना या किसी हादसे में दिमाग को चोट लगने से मिर्गी का खतरा बढ़ सकता है।
  • जेनेटिक्स: कुछ लोगों में मिर्गी की संभावना उनके जीन्स से जुड़ी हो सकती है।
  • दिमाग में संक्रमण: मेनिनजाइटिस और एन्सेफलाइटिस जैसे संक्रमण मिर्गी का कारण बन सकते हैं।
  • स्ट्रोक: दिमाग तक खून और ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित होने से भी दौरे पड़ सकते हैं।
  • जन्म के समय परेशानी: जन्म के दौरान ऑक्सीजन की कमी या दिमाग को चोट पहुंचना भी एक कारण हो सकता है।

हालांकि, कई मरीजों में मिर्गी होने की स्पष्ट वजह पता नहीं चल पाती। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, लगभग आधे मामलों में इसका कारण अज्ञात रहता है।

मिर्गी का दौरा कितने दिनों में पड़ता है?

यह सवाल बहुत से लोगों के मन में आता है कि मिर्गी का दौरा कितने दिनों के अंतराल पर पड़ता है। इसका कोई निश्चित जवाब नहीं है। हर मरीज में इसकी स्थिति अलग हो सकती है।

कुछ लोगों को कई महीनों या वर्षों तक दौरा नहीं पड़ता, जबकि कुछ मरीजों को एक ही दिन में कई बार दौरे आ सकते हैं। किसी व्यक्ति को साल में एक बार भी दौरा पड़ सकता है। यह बीमारी की स्थिति, दिमाग की गतिविधियों और इलाज पर निर्भर करता है।

मिर्गी के लक्षण

अचानक बेहोश होकर गिर जाना। हाथ-पैरों में तेज झटके लगना। कुछ समय के लिए शरीर पर नियंत्रण खो देना। बिना किसी प्रतिक्रिया के एकटक देखते रहना। अचानक भ्रम या घबराहट महसूस होना आदि मिर्गी के मुख्य लक्षण होते हैं। हालांकि हर व्यक्ति में ये लक्षण बदल सकते हैं।

मिर्गी का दौरा पड़ने पर मरीज की देखभाल कैसे करें

  • अगर आपके सामने किसी व्यक्ति को मिर्गी का दौरा पड़ता है, तो घबराएं नहीं और मरीज को पकड़कर झटके रोकने की कोशिश न करें।
  • उसके आसपास मौजूद नुकीली और कठोर चीजें हटा दें।
  • सिर के नीचे मुलायम कपड़ा रखें।
  • संभव हो तो उसे धीरे से करवट दिलाएं।
  • दौरे का समय नोट करें।
  • मरीज के मुंह में चम्मच, पानी या कोई दूसरी चीज न डालें।

यदि दौरा 5 मिनट से ज्यादा चले, लगातार दूसरा दौरा पड़ जाए या मरीज को सांस लेने में परेशानी हो, तो तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता लें। पहली बार दौरा पड़ने पर भी तत्काल चिकित्सकीय जांच जरूरी है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article