दुनिया

'वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा भारत', राजनाथ सिंह का जापान के साथ रक्षा तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर जोर

राजनाथ सिंह ने कहा कि एक दशक पहले भारत का रक्षा उत्पादन करीब 48 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इसी तरह रक्षा निर्यात भी 600 करोड़ रुपये से बढ़कर रिकॉर्ड 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह भारत की स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता और अंतरराष्ट्रीय रक्षा बाजार में बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

Image

राजनाथ सिंह का जापान में जोरदार स्वागत।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह जापान दौरे पर हैं। यहां उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा क्षेत्र अब आत्मनिर्भरता से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड 1.80 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि रक्षा निर्यात भी बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इसके साथ ही उन्होंने जापान के साथ समुद्री सुरक्षा और रक्षा तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने ये बातें जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कही।

राजनाथ सिंह ने कहा कि एक दशक पहले भारत का रक्षा उत्पादन करीब 48 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इसी तरह रक्षा निर्यात भी 600 करोड़ रुपये से बढ़कर रिकॉर्ड 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह भारत की स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता और अंतरराष्ट्रीय रक्षा बाजार में बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

तीनों सेनाओं की ताकत में हो रहा इजाफा

यहां बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की बढ़ती क्षमताओं के साथ स्वदेशी रक्षा निर्माण देश की सैन्य ताकत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद आर्थिक विकास की रफ्तार बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि करीब 7.8 प्रतिशत की विकास दर के साथ भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह मजबूत कर रहा है।

जापान के साथ समुद्री सुरक्षा सहयोग पर जोर

राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर दो दिवसीय जापान दौरे पर हैं। दोनों देशों के बीच चौथी भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की वार्ता यानी 2+2 डायलॉग होनी है। इसमें रक्षा और रणनीतिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

इससे पहले, जापान पहुंचने पर वहां के रक्षा मंत्री कोइजुमी ने राजनाथ सिंह की मेजबानी की। इस दौरान राजनाथ सिंह को जापान के रक्षा मंत्रालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दोनों मंत्रियों ने योकोसुका के फुनाकोशी क्षेत्र का दौरा किया और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के मोगामी क्लास मल्टी-मिशन स्टेल्थ फ्रिगेट JS Natori का निरीक्षण भी किया। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर युद्धपोत के दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और जापान के बीच बढ़ता समुद्री सहयोग स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने के साझा संकल्प को दिखाता है।

रक्षा तकनीक और सैन्य अभ्यास पर होगी चर्चा

इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरणों और तकनीक में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास और रक्षा औद्योगिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।राजनाथ सिंह की जापानी रक्षा मंत्री कोइजुमी के साथ इस साल यह तीसरी द्विपक्षीय मुलाकात है। इससे पहले दोनों की मुलाकात अगस्त में भारत और अक्टूबर में फिलीपींस में हुई थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article