हेल्थ

भारत को मिलेगी बर्ड फ्लू से लड़ने की स्वदेशी वैक्सीन, 20 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान करेंगे लॉन्च

India's First Bird Flu Vaccine: भारत में बर्ड फ्लू से बचाव के लिए पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन तैयार की गई है। जानें 20 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान इसे कब लॉन्च करेंगे और मुर्गियों व पोल्ट्री किसानों को इससे क्या फायदा होगा।

Image

भारत की स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन तैयार, जानें कब होगी लॉन्च

India's First Bird Flu Vaccine: भारत में पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने मुर्गियों के लिए एच5एन1 (H5N1) बर्ड फ्लू वायरस के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। यह वैक्सीन वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के विरुद्ध तैयार की गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर, 2026 को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

खास बात यह है कि भारत में एच5एन1 वायरस के इस विशेष क्लेड के खिलाफ विकसित यह अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है। इसे निष्क्रिय (Inactivated) वैक्सीन तकनीक से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य मुर्गियों को बर्ड फ्लू के संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना और बीमारी के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद करना है।

क्यों जरूरी है बर्ड फ्लू की वैक्सीन

बर्ड फ्लू या अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) मुर्गियों और दूसरे पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी है। इसका संक्रमण होने पर पक्षियों में मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को बड़े पैमाने पर नष्ट करना पड़ता है। साथ ही व्यापार पर प्रतिबंध लगने से पोल्ट्री कारोबार और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। इसके बाद से एच5एन1 और एच5एन8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। वर्ष 2006 में ही इस बीमारी के कारण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया था।

इंसानों के लिए भी चिंता का विषय

बर्ड फ्लू का खतरा केवल पक्षियों तक सीमित नहीं है। एच5एन1 वायरस के संक्रमण हाल के वर्षों में स्तनधारियों सहित कई पशु प्रजातियों में भी सामने आए हैं। मनुष्यों में भी संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में एच5एन1 संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है।

स्वदेशी वैक्सीन से क्या होगा फायदा

वैज्ञानिक अध्ययनों में एच5एन1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए को मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार पाया गया है। फिलहाल इस विशेष क्लेड के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में भोपाल के आईसीएआर संस्थान की यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

स्वदेशी वैक्सीन से पोल्ट्री क्षेत्र में बीमारी के नियंत्रण को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और वायरस के पशुओं तथा मनुष्यों तक पहुंचने के जोखिम को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

Agencies
Agenciesauthor
End of Article