शहर

योगी के गढ़ में अखिलेश यादव ने भरी हुंकार, बोले- आज चुनाव हुए तो BJP को मिलेगा डबल जीरो

UP Elections: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि गोरखपुर के लोगों में जो उत्साह और ऊर्जा दिखाई दी है, वह असाधारण है। अगर आज ही चुनाव हो जाए तो भाजपा को यहां डबल जीरो मिल सकता है।

Image

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (फोटो साभार: @samajwadiparty)

Photo : Twitter

UP Elections: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ कहे जाने वाले गोरखपुर में 'पीडीए रथ' से रोड-शो किया और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो पार्टी को गोरखपुर में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर की सड़कों पर उमड़ी भीड़ और लोगों का उत्साह प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। यादव ने अपने 'पीडीए रथ' पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ''गोरखपुर के लोगों में जो उत्साह और ऊर्जा दिखाई दी है, वह असाधारण है। अगर आज ही चुनाव हो जाए तो भाजपा को यहां डबल जीरो मिल सकता है।''

'BJP के गढ़ में बदल रहे सियासी हालात'

उन्होंने इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बदलाव का संकेत बताया। सपा प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में हाल में हुए विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों में अपनी पार्टी की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले राजनीतिक क्षेत्रों में भी अब सियासी हालात बदल रहे हैं।

यादव ने भाजपा के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए गोरखपुर की जलभराव समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, ''गोरखपुर आकर ऐसा लग रहा है जैसे यूरोप, स्पेन और वेनिस आ गया हूं।'' सपा प्रमुख ने कहा कि बारिश के दौरान कुछ घंटों के जलभराव से ही लोगों के घरों में पानी घुस गया। गोरखपुर में मेट्रो चलाने के दावों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि बारिश में स्थानीय लोग मेट्रो से नहीं बल्कि नाव से सफर करते हैं।

BJP पर बरसे अखिलेश यादव

यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की पैरवी करने वाली भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी एक राज्य की मतदाता सूची ठीक से तैयार नहीं कर सकती, वह देश में एक साथ चुनाव कैसे कराएगी।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सपा के 'पीडीए प्रहरियों' ने हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट जुड़वाने का काम किया है।

यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के नियमों का बड़े पैमाने पर उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा को संविधान पर भरोसा नहीं है और प्रदेश में 20 से अधिक पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। यादव ने दलितों पर अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि गोरखपुर में दलितों के खिलाफ अत्याचार सबसे अधिक हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव केवल सीटें जीतने का सवाल नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य और देश में लोकतंत्र के अस्तित्व से जुड़ा है। स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और एम्स होने के बावजूद गोरखपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि करीब 500 निजी अस्पताल खुल गए हैं।

यादव ने सपा की सरकार बनने पर बिना स्वास्थ्य कार्ड के मुफ्त इलाज और दवाएं उपलब्ध कराने का वादा भी किया। उन्होंने प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में 'हथेली गरम, पुलिस नरम' जैसी धारणा बन रही है।

इससे पहले, सपा प्रमुख ने 'पीडीए रथ' पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। पार्टी नेताओं के मुताबिक गोरखपुर हवाई अड्डे से शुरू हुए रोड शो में जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों और आसपास के क्षेत्रों से आए सपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article