Amit Shah Arunachal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 और 22 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य में कई आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और राज्य सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर बैठकें भी करेंगे।
गृह मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अमित शाह 21 नवंबर को सुबह 10 बजे ईटानगर के बंदरदेवा स्थित पुलिस ट्रेनिंग अकादमी के परेड ग्राउंड में आयोजित अरुणाचल प्रदेश पुलिस के प्रेसिडेंट कलर्स प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शामिल होंगे। इसके बाद वह जवानों के साथ 'बड़ा खाना' कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
इसके बाद दोपहर 2:30 बजे ईटानगर स्थित लोक भवन में राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, दोपहर 3:30 बजे गृह मंत्रालय और अरुणाचल प्रदेश सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर एक और समीक्षा बैठक करेंगे।
सहकारिता विजन डॉक्यूमेंट का करेंगे अनावरण
अमित शाह 22 नवंबर को सुबह 10:30 बजे ईटानगर के दोरजी खांडू स्टेट कन्वेंशन सेंटर में अरुणाचल प्रदेश सहकारिता विजन डॉक्यूमेंट 2047 का अनावरण करेंगे। इस दौरान वह सहकारिता पुरस्कार समारोह में भी शामिल होंगे और सरस मेले का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 3:45 बजे वह ईटानगर के होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 12वीं बटालियन के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में PM मोदी हुए भावुक; जानें क्या-क्या बात हुई ?
आतंकवाद विरोधी सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे अमित शाह
सनद रहे कि अरुणाचल प्रदेश के दौरे से पहले अमित शाह 19 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित आतंकवाद विरोधी सम्मेलन 2026 को भी संबोधित करेंगे। इस साल सम्मेलन का विषय 'सीमा पार आतंकवाद' रखा गया है। गृह मंत्री इस दो दिवसीय सम्मेलन के छठे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह पिछले साल आयोजित सम्मेलन में बनी सहमति और की गई सिफारिशों पर हुई प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
