शहर

दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, 2711 करोड़ का रिकॉर्ड बजट, 8976 करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम जारी

रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ नई ट्रेन सेवाओं से भी दिल्ली की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।

Image

अश्विनी वैष्णव और रेखा गुप्ता।

दिल्ली के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर आने वाले समय में बदलने वाली है। राजधानी के 13 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके लिए वित्त वर्ष 2026-27 में दिल्ली को रेलवे विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है। वहीं, राजधानी में करीब 8,976 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

इन परियोजनाओं का मकसद रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना, यात्रियों की आवाजाही आसान बनाना और दिल्ली की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रेलवे विकास के लिए बजट आवंटित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

दिल्ली के इन 13 रेलवे स्टेशनों का होगा पुनर्विकास

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। इनमें राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।

1. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन

2. पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन

3. हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन

4. आनंद विहार टर्मिनल

5. दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन

6. दिल्ली सराय रोहिल्ला

7. दिल्ली शाहदरा

8. नरेला रेलवे स्टेशन

9. सफदरजंग रेलवे स्टेशन

10. बिजवासन रेलवे स्टेशन

11. सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन

12. तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन

13. आदर्श नगर दिल्ली रेलवे स्टेशन

रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की इस सूची की पुष्टि रेल मंत्रालय ने भी की है।

स्टेशनों पर मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकास के बाद यात्रियों को स्टेशनों पर कई तरह की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सभी स्टेशनों पर नए स्टेशन भवन तैयार किए जा रहे हैं। प्रवेश और निकास द्वार को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को स्टेशन के अंदर आने-जाने में परेशानी न हो।

इसके अलावा आधुनिक प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय, पीने के पानी की सुविधा और प्लेटफॉर्म पर शेड बनाए जाएंगे। यात्रियों की आवाजाही आसान करने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण और विस्तार किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक लिफ्ट और एस्केलेटर भी लगाए जा रहे हैं। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ दिव्यांग यात्रियों के लिए सुगम आवागमन की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर क्या-क्या काम हुआ?

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड बनाने के लिए नींव का काम शुरू कर दिया गया है। इन निर्माण कार्यों से स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर बनेगा दूसरा प्रवेश द्वार

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सराय काले खां की तरफ दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए नई सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। एस्केलेटर और लिफ्ट लगाने का काम भी जारी है।

इसके साथ ही टिकट बुकिंग कार्यालय और शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का विस्तार भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी।

दिल्ली कैंट और सफदरजंग स्टेशन पर कितना काम पूरा?

दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन का निर्माण किया जा रहा है। यहां यात्रियों के आने और जाने के लिए अलग-अलग कॉनकोर्स बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा एलिवेटेड रोड का निर्माण और प्लेटफॉर्म के सुधार का काम भी जारी है। वहीं, सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। सिग्नल और टेलीकम्युनिकेशन भवन का काम भी पूरा कर लिया गया है।

बिजवासन स्टेशन पर भी तेजी से चल रहा काम

बिजवासन रेलवे स्टेशन के स्टेशन भवन का स्ट्रक्चरल काम पूरा हो चुका है। अब प्लेटफॉर्म पर शेड बनाने के साथ सबवे और दूसरी यात्री सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशनों पर भी नए स्टेशन भवन तैयार किए जा रहे हैं। इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म सुधारने, आधुनिक शौचालय बनाने, पार्किंग विकसित करने और लिफ्ट लगाने का काम किया जा रहा है। दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।

दिल्ली से वाराणसी का सफर भी होगा आसान

रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ नई ट्रेन सेवाओं से भी दिल्ली की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इसमें ऑटोमैटिक दरवाजे, कवच सुरक्षा प्रणाली और आरामदायक बर्थ जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इससे धार्मिक पर्यटन, कारोबार और दूसरे शहरों के बीच आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, रेलवे की इन परियोजनाओं और नई ट्रेन सेवाओं से दिल्ली की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इन योजनाओं के पूरा होने से राजधानी को एक आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article