Early symptoms of kidney problems: आज भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और खराब लाइफस्टाइल का असर सीधे हमारी सेहत पर पड़ रहा है। इन्हीं में से किडनी रोग एक गंभीर समस्या हैं। जो धीरे-धीरे हमारे पूरे शरीर को प्रभावित करते हैं। खास बात यह है कि किडनी अचानक खराब नहीं होती, बल्कि इससे पहले शरीर कई संकेत देने लगता है। जिन्हें अक्सर हम नजरअंदाज कर देते हैं। किडनी का मुख्य काम शरीर में जमा गंदगी और टॉक्सिन्स को फिल्टर करके पेशाब के जरिए बाहर निकालना होता है। लेकिन जब यह प्रक्रिया प्रभावित होती है, तो शरीर में असंतुलन शुरू हो जाता है। ऐसे में जरूरी है कि शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय रहते डॉक्टर से संपर्क किया जाए। यदि आपके शरीर में इन 5 लक्षणों में से एक भी दिखाई दे तो समझें कि आपकी किडनी में किसी तरह की समस्या हो सकती है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
1. लगातार थकान और कमजोरी
यदि बिना ज्यादा काम किए भी आप हर समय थकान महसूस कर रहे हैं, तो यह सामान्य नहीं है। किडनी के ठीक से काम न करने पर शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जिससे एनर्जी लेवल गिर जाता है। यह लगातार बनी रहने वाली कमजोरी का कारण बन सकता है।
2. नींद से जुड़ी समस्याएं
नींद न आना या बार-बार नींद टूटना भी किडनी से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। जब खून ठीक से साफ नहीं हो पाता, तो शरीर का संतुलन बिगड़ता है, जिससे स्लीप एपनिया जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
3. त्वचा में ड्राइनेस और खुजली
किडनी की खराबी का असर त्वचा पर भी दिखाई देता है। शरीर में टॉक्सिन्स बढ़ने से स्किन ड्राई हो सकती है और लगातार खुजली की समस्या हो सकती है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है।
4. हाथ-पैरों में सूजन
जब किडनी में खराबी आती है, तो सोडियम ठीक से फिल्टर नहीं हो पाता है, इससे शरीर में पानी और नमक जमा होने लगता है। इसका असर सूजन के रूप में दिखता है। इसमें खासकर पैरों, टखनों और हाथों में सूजन दिखने लगती है। यह एक किडनी की सेहत से जुड़ा अहम चेतावनी संकेत हो सकता है।
5. बार-बार पेशाब आना
अगर आपको खासकर रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या हो रही है, तो यह किडनी के काम में गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। पेशाब के पैटर्न में बदलाव को हल्के में लेना ठीक नहीं है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
