शहर

Mirzapur News: स्टेशन रोड पर ज्वेलरी शॉप में बड़ी वारदात, सुरंग बनाकर दुकान में दाखिल हुए चोर; जांच में जुटी पुलिस

Mirzapur News: मीरजापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड पर रेलवे की खाली जमीन से सुरंग खोदकर चोरों ने ज्वेलरी शॉप में बड़ी सेंधमारी की और 22 किलो चांदी व सोना चुरा लिया।

Image

जमीन के नीचे सुरंग खोदकर सेंधमारी

Mirzapur News: मीरजापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र में चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपराधियों ने बिल्कुल फिल्मी अंदाज में जमीन के नीचे सुरंग खोदकर एक मशहूर ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया और दुकान में रखे 22 किलो चांदी और 13 ग्राम सोने के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गए। वारदात का पता रविवार दोपहर को उस वक्त चला जब दुकान मालिक रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचा। अंदर का खौफनाक मंजर देखकर व्यवसायी के होश उड़ गए।

रेलवे की खाली जमीन से खोदी सुरंग

यह मामला कटरा कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड (रोडवेज स्टैंड के पास) स्थित आभूषण की दुकान का है। चोरों ने दुकान के पीछे स्थित रेलवे की खाली जमीन का फायदा उठाया। उन्होंने वहां से जमीन के नीचे सुरंग खोदी और दुकान की फर्श में सेंध लगाकर सीधे दुकान के भीतर दाखिल हो गए। शनिवार रात करीब 8:30 बजे दुकान मालिक दुकान बंद करके घर गए थे। चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और मौके पर कैची तथा पेचकस छोड़कर फरार हो गए।

डॉग स्क्वाड, SOG और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

रविवार दोपहर दुकान का शटर उठाने पर जब व्यवसायी को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कटरा कोतवाली पुलिस, सीओ सिटी अमित कुमार, SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप), फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही स्टेशन रोड और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि शातिर चोरों का सुराग लगाया जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article