बिजनेस

बैंक की बातों में आकर लोन सेटल किया? जानें क्या लोन सेटलमेंट करने से हमेशा के लिए खराब होता है आपका CIBIL स्कोर!

वित्तीय संकट के समय बैंक अक्सर 'लोन सेटलमेंट' का ऑफर देते हैं, लेकिन यह फैसला आपके सिबिल (CIBIL) स्कोर को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। जानिए लोन सेटलमेंट का क्रेडिट रिपोर्ट पर असर और इससे बचने के सही उपाय।

Image

क्या लोन सेटलमेंट करने से हमेशा के लिए खराब होता है आपका CIBIL स्कोर!

जब कोई व्यक्ति आर्थिक तंगी, नौकरी छूटने या व्यापार में घाटे के कारण अपने लोन की ईएमआई (EMI) समय पर नहीं चुका पाता, तो बैंक या रिकवरी एजेंट उसे 'लोन सेटलमेंट' (Loan Settlement) की सलाह देते हैं। कई लोग बैंक की मीठी-मीठी बातों में आकर इसे एक आसान राहत मान लेते हैं। लोन सेटलमेंट के तहत बैंक ग्राहक को कुल बकाया राशि (प्रिंसिपल और ब्याज) से कम रकम देकर खाता बंद करने की छूट दे देता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि लोन सेटलमेंट करने का यह एक फैसला आपके सिबिल स्कोर (CIBIL Score) और वित्तीय भविष्य को बुरी तरह तबाह कर सकता है?

लोन सेटेलमेंट क्या है?

तकनीकी रूप से, 'लोन क्लोजर' और 'लोन सेटलमेंट' में ज़मीन-आसमान का अंतर होता है। जब आप लोन की पूरी रकम ब्याज सहित चुकाते हैं, तो बैंक आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में 'Closed' दर्ज करता है, जो एक पॉजिटिव स्टेटस है। वहीं, जब आप कम पैसे देकर मामला निपटाते हैं, तो बैंक क्रेडिट ब्यूरो (CIBIL, Experian आदि) को रिपोर्ट भेजता है कि ग्राहक ने लोन पूरा नहीं चुकाया। आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में लोन स्टेटस के आगे 'Settled' लिख दिया जाता है। इसका सीधा और नकारात्मक असर आपके सिबिल स्कोर पर पड़ता है और वह तेजी से (लगभग 50 से 100 अंक तक) गिर जाता है।

सिबिल स्कोर पर क्या पड़ता है असर?

सिबिल रिपोर्ट में 'Settled' का टैग लगने का मतलब है कि वित्तीय संस्थानों की नज़र में आप एक 'उच्च जोखिम' (High Risk) वाले उधारकर्ता बन चुके हैं। यह टैग आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में अगले 7 सालों तक बना रहता है। इस दौरान यदि आप किसी भी बैंक में होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करते हैं, तो बैंक आपकी अर्जी को तुरंत निरस्त कर देते हैं। वित्तीय संस्थान यह मान लेते हैं कि आपने पहले भी लोन का पूरा भुगतान नहीं किया था, इसलिए दोबारा आपको कर्ज देना जोखिम भरा हो सकता है।

हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपका सिबिल स्कोर हमेशा के लिए खराब हो जाता है। यदि आपने अनजाने में लोन सेटल कर लिया है, तो भविष्य में इसे सुधारा जा सकता है। इसका सबसे बेहतरीन और आसान तरीका यह है कि आप संबंधित बैंक से दोबारा संपर्क करें और सेटलमेंट के दौरान माफ की गई बकाया राशि (Waived Amount) का भुगतान कर दें। बकाया राशि चुकाते ही बैंक आपको नो-ड्यूज सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर देगा और सिबिल में आपका स्टेटस 'Settled' से बदलकर 'Closed' कर दिया जाएगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article