हेल्थ

बारिश के पानी में नहाना चाहिए या नहीं? बरसात में भीगने से पहले जान लें एक्सपर्ट की राय

बारिश के पानी में नहाना चाहिए या नहीं इस बात को लेकर अक्सर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति देखने को मिलती है। जी हां यदि आप लोग बारिश में भीगने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपको जान लेना चाहिए कि इसे लेकर क्या है एक्सपर्ट्स की राय...

Image

बारिश में भीगना चाहिए या नहीं

Bathing in Rain Water: पहली बारिश की फुहारें आते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का मन भीगने का करने लगता है। कई लोग मानते हैं कि बारिश के पानी में नहाना ताजगी देता है और तनाव कम करता है, जबकि कुछ लोग इसे बीमारियों का कारण बताते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बारिश के पानी में नहाना वास्तव में सेफ है? आपकी सेहत से जुड़े इस सवाल का जवाब (Monsoon Health Tips) जानने के लिए हमने बात की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. दिव्या अग्रवाल से। उनके मुताबिक इसका जवाब पूरी तरह हां या नहीं में नहीं दिया जा सकता है, क्योंकि यह कई कंडीशन पर निर्भर करता है।

पहली बारिश से बचने की सलाह क्यों दी जाती है

डॉ. दिव्या की मानें तो मानसून की पहली बारिश में वातावरण में मौजूद धूल, धुआं, पॉल्यूटेंट और कई तरह के केमिकल पानी के साथ नीचे आते हैं। इसलिए पहली बारिश का पानी हमारी स्किन और बालों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में जिन लोगों की स्किन बेहद संवेदनशील है या जिन्हें एलर्जी की समस्या रहती है, उन्हें पहली बारिश में भीगने से बचना चाहिए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लेबर पेन शुरू होने के लक्षण क्या हैं?

बारिश में नहाना चाहिए या नहीं

एक्सपर्ट्स का कहना है कि लगातार होने वाली बारिश के बाद वातावरण काफी हद तक साफ हो जाता है। ऐसे में हल्की बारिश में कुछ देर भीगना आमतौर पर सेहत के लिए नुकसानदायक नहीं माना जाता है। हालांकि लंबे समय तक भीगते रहने से शरीर का तापमान कम हो सकता है, जिससे सर्दी, खांसी या वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए बारिश में भीगने का आनंद कुछ समय तक ही लेना बेहतर होता है।

किन लोगों को बारिश में नहीं नहाना चाहिए

कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग, छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और अस्थमा या एलर्जी के मरीजों को बारिश में भीगने से बचना चाहिए। ऐसे लोगों में संक्रमण का खतरा और लोगों की तुलना में ज्यादा होता है। यदि पहले से बुखार, सर्दी या किसी तरह का इंफेक्शन हो, तो बारिश में नहाना आपकी कंडीशन को और बिगाड़ सकता है।

बारिश में भीगने के बाद क्या करना चाहिए

डॉ. दिव्या के अनुसार, बारिश में भीगने के तुरंत बाद गीले कपड़े बदल लेना सबसे जरूरी कदम है। इसके बाद साफ पानी से भी नहा लेना चाहिए। इससे स्किन पर मौजूद धूल, बैक्टीरिया या अन्य हानिकारक चीजें हट जाएं। इसके साथ ही बालों को अच्छी तरह सुखाएं और शरीर को गर्म रखें। यदि आप लंबे समय तक बारिश में भीगे रहे हों तो कुछ गर्म ड्रिंक्स का सेवन भी फायदेमंद हो सकता है।

क्या बारिश में भीगने से त्वचा और बालों को नुकसान होता है

त्वचा विशेषज्ञ डॉ. दिव्या के अनुसार, बारिश के पानी में मौजूद पॉल्यूटेंट कुछ लोगों में खुजली, रैशेज, फंगल इंफेक्शन या स्किन एलर्जी का कारण बन सकते हैं। वहीं बाल लंबे समय तक गीले रहने पर स्कैल्प में फंगल संक्रमण, डैंड्रफ और हेयर फॉल की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए बारिश में भीगने के बाद त्वचा और बालों की सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article