गर्भावस्था के आखिरी हफ्तों में पेट या कमर में दर्द महसूस होना आम बात है। इस प्रकार का दर्द कई बार फाल्स लेबर यानी झूठा प्रसव दर्द हो सकता है। साथ ही साथ कई बार यही दर्द असली लेबर की शुरुआत का संकेत भी होता है। पहली बार मां बनने वाली महिलाओं के लिए दोनों में फर्क समझना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। लेकिन कुछ आसान संकेतों की मदद से यह समझा जा सकता है कि अस्पताल जाने का समय आ गया है या अभी इंतजार किया जा सकता है। ग्रेटर नोएडा के महानंदन सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉ. सृष्टि साल्वतकर (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ) से समझिए लेबर पेन और फाल्स लेबर में क्या अंतर होता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - प्रेगनेंसी में बार-बार होती है एसिडिटी, डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान तरीके
Labor Pain Shuru Hone Ke Lakshan, लेबर शुरु होने के लक्षण
नियमित अंतराल पर दर्द होना
असली लेबर में दर्द एक निश्चित अंतराल पर शुरू होता है और धीरे-धीरे उसका समय कम होने लगता है। साथ ही दर्द पहले से ज्यादा तेज महसूस होने लगता है। वहीं फाल्स लेबर का दर्द अनियमित होता है और कुछ समय बाद अपने आप कम भी हो सकता है।
पानी की थैली फटना
अगर वजाइना से अचानक पानी जैसा लिक्विड निकलने लगे, तो यह लेबर शुरू होने का महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में देर किए बिना डॉक्टर से संपर्क करें और अस्पताल जाएं।

Labor Pain Starting Symptoms
कमर से पेट तक बढ़ता दर्द
असली लेबर का दर्द अक्सर कमर से शुरू होकर पेट के निचले हिस्से तक फैलता है। यह दर्द हर कॉन्ट्रेक्शन के साथ बढ़ता जाता है। फाल्स लेबर में दर्द आमतौर पर केवल पेट के सामने वाले हिस्से तक ही सीमित रहता है।
चलने या आराम करने से दर्द में फर्क
फाल्स लेबर का दर्द अक्सर आराम करने, पानी पीने या करवट बदलने से कम हो जाता है। लेकिन असली लेबर का दर्द चलने, बैठने या आराम करने के बाद भी बना रहता है और लगातार बढ़ता जाता है।

Labour Pain in Pregnancy
पेल्विक हिस्से में दबाव
असली लेबर के दौरान बच्चे का सिर नीचे आने लगता है, जिससे पेल्विक हिस्से में भारीपन और दबाव महसूस हो सकता है।
अस्पताल कब जाएं?
अगर दर्द नियमित हो, पानी की थैली फट जाए, बच्चे की हलचल कम महसूस हो या कोई असामान्य परेशानी दिखाई दे, तो बिना देरी किए अस्पताल पहुंचें। हर प्रेगनेंसी अलग होती है, ऐसे में खुद फैसले लेने के बजाय किसी प्रसूति और स्त्री रोग विशेषज्ञ (ऑब्सटेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट) से सलाह लेना सबसे सुरक्षित तरीका है।
