Heat Waves Can Cause These Health Problems: मौसम का तापमान दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। अब घर से बाहर निकलते ही गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ रहे हैं। आपको बता दें कि इस दौरान घर से बाहर निकलते समय आपको बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है। क्योंकि अगर आप इन गर्म हवाओं की चपेट में आ जाते हैं, तो इसके सेहत पर गंभीर दुष्प्रभाव देखने को मिल सकते हैं। गर्मी में चलने वाली इन गर्म हवाओं को हम लू कहते हैं। ये शरीर से पानी को पूरी तरह से चूस लेती हैं। बच्चे हो या बड़े, ये सभी को अपनी चपेट में ले सकती हैं। सिरदर्द से लेकर उल्टी-दस्त तक, इसकी वजह से सेहत को कई गंभीर नुकसान हो सकते हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिर इन गर्म हवाओं की चपेट में आने से कैसे बचा जा सकता है? इस लेख में हम आपको गर्मी में लू के कारण होने वाले नुकसान और इनकी चपेट में आने से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बता रहे हैं।
लू लगने से हो सकती हैं ये स्वास्थ्य समस्याएं - Heat Waves Can Cause These Health Problems
- शरीर का तापमान बहुत अधिक और तेज बुखार हो सकता है।
- इसकी वजह से शरीर में पानी की कमी हो जाती है।
- लू लगने पर लोगों को गंभीर सिरदर्द होता है।
- गर्म हवाएं उल्टी-दस्त का कारण बनती हैं।
- यह मांसपेशियों में ऐंठन और दर्द को ट्रिगर करती है।
- हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है।
- किडनी स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है।
- गंभीर मामलों में इसकी वजह से व्यक्ति की मृत्यु भी हो सकती है।
गर्म हवाओं की चपेट में आने से बचने के लिए बरतें ये जरूरी सावधानी
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें। ऐसे कपड़े पहनें जो बहुत ही हल्के हों जैसे सूती कपड़ा।
- जितना हो सके कोशिश करें कि घर में रहें। बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।
- घर से बाहर निकलते समय टोपी पहनें या छाता लेकर बाहर निकलें।
- दोपहर के समय बाहर निकलने से सख्त बचें।
- पानी, फलों का रस, शेक और स्मूदी आदि का सेवन करें।
- देसी कोल्ड ड्रिंक जैसे सत्तू ड्रिंक, बेल का शरबत और आम पन्ना आदि का सेवन करें।
- गर्मियों में फल और सब्जियों का सेवन बढ़ा दें। इनमें भरपूर पानी होता है।
- अगर शरीर का तापमान बहुत अधिक लगता है तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
अगर आप भी गर्म हवाओं के प्रकोप से बचना चाहते हैं, तो ये जरूरी सावधानियां आपके बहुत काम आएंगी। अगर गलती से भी आप लू की चपेट में आ जाते हैं, तो इसका सेहत को काफी नुकसान पहुंच सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
