Health Tips: मसालेदार खाना खाते ही कई लोगों की नाक बहने लगती है। ऐसा अक्सर मिर्च की वजह से होता है, लेकिन ज्यादातर लोग इसके पीछे का कारण नहीं जानते। मेडिकल भाषा में इसे "राइनोरिया" कहा जाता है। यह सिर्फ मिर्च से ही नहीं, बल्कि कुछ दूसरी वजहों से भी हो सकता है। मिर्च में एक खास तत्व पाया जाता है जिसे कैप्साइसिन कहते हैं। यही मिर्च को तीखा बनाता है। जब हम मिर्च खाते हैं तो कैप्साइसिन की वजह से जलन महसूस होती है। इसी वजह से शरीर खुद को बचाने के लिए नाक से पानी निकालने लगता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, मिर्च का पौधा कैप्साइसिन इसलिए बनाता है ताकि जानवर इसे ज्यादा ना खाएं। यही कारण है कि इसका इस्तेमाल पेपर स्प्रे जैसी चीजों में भी किया जाता है। अगर आप एक से ज्यादा मिर्च खाते हैं या फिर ज्यादा तीखा खाना पसंद करते हैं तो कुछ जरूरी बाते हैं जो आपको जरूर पता होना चाहिए। ये बातें आपके स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं।
मिर्च खाने के बाद नाक बहने के और कारण
गस्टेटरी राइनाइटिस: अगर आपको मिर्च या मसालेदार खाना खाते ही नाक बहने लगती है, लेकिन एलर्जी जैसे कोई और लक्षण नहीं होते, तो इसे गस्टेटरी राइनाइटिस कहा जाता है। इसमें मुंह और नाक की नसें एक्टिव हो जाती हैं और नाक से पानी आने लगता है।
खाने से एलर्जी: कुछ लोगों को किसी खास खाने से एलर्जी हो सकती है। ऐसे में नाक बहने के साथ-साथ नाक बंद होना, खांसी या गले में परेशानी भी हो सकती है। ऐसे में जब हम ज्यादा मिर्ची का सेवन करते हैं तो नाक बहने लगती है।
वेजोमोटर राइनाइटिस: इसमें मौसम बदलने, तेज खुशबू, गर्म-ठंडे वातावरण या शरीर में बदलाव की वजह से नाक की अंदरूनी परत प्रभावित हो जाती है और नाक बहने लगती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Zero Calorie ड्रिंक्स का असली सच! क्या चीनी की जगह आर्टिफिशियल स्वीटनर वाली ड्रिंक पीना है सुरक्षित, डॉक्टर से जानिए
नाक बहने पर क्या करें?
मिर्च खाने के बाद अगर नाक बह रही है तो सिर्फ पानी पीने से ज्यादा फायदा नहीं मिलता। जलन कम करने के लिए दूध पीना ज्यादा असरदार हो सकता है। दूध में मौजूद कैसिइन प्रोटीन मिर्च के कैप्साइसिन के असर को कम करने में मदद करता है। इसलिए अगली बार मसालेदार खाना खाने के बाद नाक बहने लगे तो परेशान होने की जरूरत नहीं है, यह शरीर की एक सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है।
