हेल्थ

कैंसर, हार्ट अटैक और डायबिटीज जैसी बीमारियों से बचा सकती है रोज की चाय! रिसर्च में हुआ दावा

दिनभर अपनी थकान मिटाने के लिए लोग अक्सर चाय का सहारा लेते हैं। लेकिन ये चाय न सिर्फ आपकी थकान मिटाती है, बल्कि हमें कई बीमारियों से भी बचाती है। जी हां आज हम आपको चाय पीने से सेहत को मिलने वाले फायदों के बारे में बताएंगे। जिसका खुलासा हाल ही में हुए एक शोध में किया गया है।

Image

morning tea benefits

चाय का सेवन हमारी सेहत के लिए काफी नुकसानदायक होता है। ये आपने जरूर सुना होगा। लेकिन हाल ही में एक रिसर्च से पता चला है कि चाय, खासकर ग्रीन टी और ब्लैक टी, न सिर्फ कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को कम कर सकती है, बल्कि दिल, डायबिटीज, गठिया और मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियों में भी फायदा पहुंचा सकती है। अमेरिकन नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, चाय के पत्तों में पाए जाने वाले पॉलीफेनोल्स, खासकर ईजीसीडी नाम का एक तत्व, शरीर में होने वाली सूजन को कम करता है, कोशिकाओं को टूटने से बचाता है और खतरनाक तत्वों से लड़ता है।

शोध में हुआ खुलासा

रिसर्च का दावा है कि जो लोग रोज 3 से 5 कप ग्रीन टी या ब्लैक टी पीते हैं, उनमें कैंसर का खतरा कम होता है। स्किन कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, फेफड़ों का कैंसर और यहां तक कि ब्रेस्ट कैंसर पर भी चाय असरदार साबित हो रही है। लेकिन, बहुत गर्म चाय पीने से फायदा नहीं, नुकसान ज्यादा होता है।

दिल भी रहेगा फिट

केवल कैंसर ही नहीं, दिल की बीमारियों में भी चाय फायदेमंद होती है। ग्रीन टी शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करती है, फैट को बाहर निकालने में मदद करती है, और हृदय वाहिकाओं को साफ रखने में मददगार होती है। डायबिटीज के मरीजों के लिए भी ग्रीन टी एक अच्छा विकल्प बन सकती है, क्योंकि यह ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करती है। इसके अलावा, पार्किंसन जैसे रोगों में भी चाय का सेवन फायदेमंद माना जा रहा है।

हालांकि, जरूरत से ज्यादा चाय पीना, खासकर खाली पेट या ज्यादा शक्कर के साथ, शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है। अगर इसे सही तरीके से, संतुलन में पिया जाए, तो चाय सिर्फ दिन की शुरुआत नहीं करती, बल्कि आपके जीवन को भी बेहतर बना सकती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी इस पर और बड़े स्तर पर रिसर्च की जरूरत है।

इनपुट - आईएएनएस

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article