Ghee Benefits : आमतौर पर लोग अपने दैनिक जीवन में घी का इस्तेमाल करते हैं। रोटी हो या फिर मिठाई, इनमें घी का इस्तेमाल करने से खाने का स्वाद बढ़ जाता है। घी, गाय और भैंस के दूध से तैयार किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन दोनों घी में से कौन सा घी स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है? अगर आप मार्केट में गाय का घी खरीदेंगे, तो किस रंग का खरीदेंगे? दोनों में से अधिक पौष्टिक घी कौन सा है? हम में से कई लोग गाय और भैंस के घी के बीच इस तरह के अंतर को समझने में गलती कर देते हैं। ऐसे में हम घी का पूरा और अधिक लाभ उठा नहीं पाते हैं।
भैंस और गाय के घी में अंतर
भैंस के घी में होता है अधिक फैट - गाय के घी की तुलना में भैंस के घी में अधिक फैट होता है। इसलिए अगर आप वजन बढ़ाना चाहते हैं, तो भैंस का घी आपके लिए बेहतर हो सकता है। वहीं, अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो गाय का घी आपके लिए अधिक फायदेमंद है।
रंग में क्या है अंतर- गाय के घी में विटामिन ए पर्याप्त रूप से होता है, ऐसे में गाय का घी देखने में पीले रंग का होता है। वहीं, भैंस के घी का रंग सफेद होता है।
आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद है गाय का घी - गाय के घी का इस्तेमाल आयुर्वेदिक औषधियों में भी किया जाता है। यह घी भैंस के घी की तुलना में आंखों की रोशनी को बढ़ाने के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
संक्रमण से बचाव करे गाय का घी - गाय के घी में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो संक्रमण और बैक्टीरियल समस्याओं को दूर करने में प्रभावी हो सकते हैं। ऐसे में गाय का घी आपके लिए अधिक फायदेमंद हो सकता है।
सावधानी - गाय और भैंस के घी की तुलना की जाए, तो यह दोनों ही घी हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। हालांकि, दोनों का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। अधिक मात्रा में घी का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल की समस्या बढ़ सकती है, जिससे दिल से जुड़ी समस्याएं होने का खतरा अधिक रहता है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

