जहर और अमृत दोनों है आंवला, खाने से पहले जान लें ये साइड इफेक्ट्स, ऐसे खाएंगे तो मिलेगा फायदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 23, 2022, 12:29 PM IST

Benefits OF Gooseberry: शरीर के लिए अमृत फल कहा जाने वाला आंवला कितना भी गुणकारी क्यों न हो, लेकिन इसके सेवन से पहले भी कई बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ​विटामिन सी के राजा आंवले के रोज सेवन से न सिर्फ वजन कम होता है, बल्कि आपकी स्किन और बाल भी चमक उठेंगे।

जहर और अमृत दोनों है आंवला, खाने से पहले जान लें ये साइड इफेक्ट्स, ऐसे खाएंगे तो मिलेगा फायदा

Gooseberry For Health: आंवला एक, गुण अनेक। कहते हैं जो व्यक्ति आंवले को रोज अपनी डाइट में शामिल करता है, वो हमेशा स्वस्थ रहता है। ये बेहद गुणकारी होता है। यही कारण है कि इसे शरीर के लिए अमृत फल भी कहा जाता है। इसमें विटामिन सी प्रचुर मात्रा में होता है। माना जाता है कि इसमें संतरे से कई गुणा ज्यादा विटामिन सी होता है। इसी के साथ इसमें विटामिन ए व बी कॉम्प्लेक्स, आयरन, जिंक, कैल्शियम, फास्फोरस और सोडियम होता है।

आंवला न सिर्फ शरीर के लिए बल्कि मस्तिष्क के लिए भी बेहद फायदेमंद है। लेकिन कहते हैं न अति हर चीज की बुरी होती है। यही बात आंवले पर भी लागू होती है। साथ ही इसे सही समय पर और सही मात्रा में खाना भी बेहद जरूरी है। तो आइए जानते हैं आंवला खाने के कुछ गुरु मंत्र। विटामिन सी का राजा है आंवला। इसका सुबह-सुबह सेवन करना बेहद फायदेमंद रहता है। दो से तीन आंवलोें के जूस में शहद मिलाएं और उसे गर्म पानी के साथ लें। यह न केवल वेट लॉस करता है। बल्कि आंखों की रोशनी तेज करने, बालों को अच्छा बनाने, शरीर में हो रही गांठों को ठीक करने, स्किन पर ग्लो लाने का भी काम करता है।

किचन में उपयोग करें और रिजल्ट पाएं 
डॉक्टर्स के अनुसार जो लोग अपना वजन तेजी से घटाना चाहते हैं, उन्हें सुबह-शाम दोनों समय इसका गर्म पानी के साथ सेवन करना चाहिए। इसी के साथ हम अपनी कुकिंग हैबिट्स में कुछ बदलाव करके भी आंवले का लाभ पा सकते हैं। जैसे खाने में अमचूर की खटाई की जगह आंवले की खटाई का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा आंवले और लाल मिर्च की चटनी आपको स्वाद भी देगी और सेहत भी। 

ये बचें आंवला खाने से 

डॉक्टर्स के अनुसार आंवला वैसे तो बेहद गुणकारी है, लेकिन इसे खाना हर किसी को फायदा ही दे, ऐसा नहीं है। नेचुरोपैथी डॉ किरण गुप्ता का कहना है कि आंवला अस्सी प्रतिशत लोगों को फायदा करता है तो बीस प्रतिशत को नुकसान भी कर देता है। आंवले का उपयोग उन लोगों को नहीं करना चाहिए जिन्हें खट्टी चीजें खाने से शरीर में सूजन आने की समस्या है।

थायराइड से पीड़ित लोगों को भी आंवला खाने से बचना चाहिए। जिन लोगों को एसिडिटी की समस्या है, उन्हें खाली पेट आंवला या आंवला जूस नहीं लेना चाहिए, क्योंकि इसमें विटामिन सी ज्यादा होता है, इसलिए यह आपकी समस्या बढ़ा सकता है। कुछ खाने के बाद आप इसका सेवन करें।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article