BSP Delhi Candidates: लोकसभा चुनाव में धीरे-धीरे ही सही बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी धमक का अहसास करा दिया है। यूपी से लेकर दिल्ली तक की सभी हाई प्रोफाइल और अहम सीटों पर इसने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टिकट बंटवारे पर बसपा सुप्रीमो पूरी तरह अपनी रौ में आ गई हैं। राजधानी दिल्ली की सात सीटों पर उम्मीदवार उतारने के बाद गुरुवार सुबह उन्होंने छह उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। खास बात यह है कि उन्होंने आजमगढ़ से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। यहां से अब मशहूद अहमद को टिकट दिया है। तो ब्राह्मण कार्ड खेलते हुए कैसरगंज से नरेंद्र पांडेय को उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली में पहले से चुनाव लड़ती आई है बसपा
दिल्ली में बसपा चुनाव लड़ती आई है लेकिन यहां कभी भी उसका प्रदर्शन असरदार नहीं रहा है। दिल्ली नगर निगम की 250 और दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव लड़ती आई है। 2008 के विधानसभा चुनाव में उसके तीन विधायक विजयी हुए थे लेकिन 2013 के विस चुनाव में पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई। बसपा 2009, 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा लेकिन उसका वोट प्रतिशत हर चुनाव में गिरता रहा। 2009 के लोकसभा चुनाव में बसपा को 9 प्रतिशत वोट मिले जो 2014 में घटकर 6 फीसद हो गए। बीते लोकसभा चुनाव में बसपा का प्रदर्शन और खराब रहा। वह एक प्रतिशत पर सिमट कर रह गई।
यह भी पढ़ें- बसपा ने जारी की एक और सूची, आजमगढ़ से बदला प्रत्याशी
दलित वोट अभी AAP के साथ
इस बार सभी सात सीटों पर उम्मीदवार उतारने की बसपा की एक रणनीति है। दिल्ली में करीब 20 प्रतिशत दलित वोटर हैं। बसपा इन वोटरों में एक बार फिर अपना पकड़ मजबूत करना चाहती है। शुरू में दलित वोटर बसपा और कांग्रेस के साथ थे। लेकिन आम आदमी पार्टी के आने के बाद इनका एक बड़ा प्रतिशत केजरीवाल की पार्टी के साथ चला गया। बसपा की तरफ से यदि मायावती की चुनावी रैली यदि दिल्ली में होती है तो इसका असर दलित वोटरों पर पड़ सकता है और वे बसपा के साथ आ सकते हैं। खास बात यह है कि बसपा के साथ दलित वोटरों का जुड़ाव AAP और कांग्रेस को जहां कमजोर करेगा वहीं इसका सियासी फायदा भाजपा को मिल सकता है। बता दें कि दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग छठे चरण में 25 मई को होगी।
दिल्ली की 7 सीटों पर बसपा के उम्मीदवार
| सीट | उम्मीदवार |
| चांदनी चौक | एडवोकेट अब्दुल कलाम |
| साउथ दिल्ली | अब्दुल बासित |
| पूर्वी दिल्ली | एडवोकेट राजन पाल |
| उत्तर पूर्वी दिल्ली | डॉ. अशोक कुमार |
| नई दिल्ली | सत्यप्रकाश गौतम |
| उत्तर पश्चिमी | दिल्ली विजय बौद्ध |
| पश्चिमी दिल्ली | विशाखा आनंद |
सभी उम्मीदवारों की जमानत हुई जब्त
2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पांच सीटों पूर्वी दिल्ली, नॉर्थ इस्ट दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, चांदनी चौक और पश्चिमी दिल्ली में उम्मीदवार उतारे थे। इन सभी सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई। बसपा को सबसे ज्यादा वोट 2.6 प्रतिशत नॉर्थ इस्ट सीट पर मिला। जबकि 2014 में यह सभी सात सीटों पर लड़ी। इस चुनाव में भी सभी सीटों पर जमानत जब्त हुई। इस चुनाव में बसपा को नॉर्थ इस्ट सीट 2.1 प्रतिशत वोट मिला।
यूपी के लिए छह उम्मीदवार घोषित किए
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल गौतम द्वारा जारी सूची के मुताबिक, गोंडा सीट से सौरभ कुमार मिश्रा, डुमरियागंज से मोहम्मद नदीम मिर्जा, कैसरगंज से नरेंद्र पांडे, संत कबीर नगर से नदीम अशरफ, बाराबंकी से शिवकुमार दोहरे और आजमगढ़ से मशहूद आलम को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए आलोक कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। लखनऊ पूर्वी सीट भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) विधायक आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल टंडन के निधन की वजह से रिक्त हुई है।
