BSP Candidate List: लोकसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने छह उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कैसरगंज, गोण्डा, डुमरियागंज, संत कबीरनगर, बाराबंकी, आजमगढ़ सीट से उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। बसपा ने कैसरगंज में ब्राह्मण कार्ड खेलते हुए नरेंद्र पाण्डेय को मैदान में उतारा है तो आजमगढ़ में एक बार फिर प्रत्याशी बदल दिया गया है। यहां से अब मशहूद अहमद को टिकट दिया गया है।
बता दें, आजमगढ़ सीट पर मायावती ने तीसरी बार प्रत्याशी बदला है। पहले यहां पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर को टिकट दिया गया था। इसके बाद पार्टी ने सबीहा अंसारी को उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, अब पार्टी ने सबीहा की जगह उनके पति मशहूद अहमद को उतारा है।
इन सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा
बहुजन समाज पार्टी ने आजमगढ़ और कैसरगंज के अलावा गोंडा से सौरभ मिश्र, डुमरियागंज से मोहम्मद नदीम मिर्जा, संतकबीरनगर से नदीम अशरफ, बाराबंकी से शिव कुमार दोहरे को टिकट दिया है। इसके अलावा पार्टी ने लखनऊ पूर्वी से विधानसभा उपचुनाव के लिए आलोकश कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है।
बसपा ने जारी की 11वीं लिस्ट
बता दें, बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए यह 11वीं लिस्ट जारी की है। इससे पहले पार्टी ने 10 लिस्ट जारी की थी, इसमें पार्टी ने 75 से ज्यादा उम्मीदवारों की घोषणा की थी। अब 11वीं सूची में 6 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिसमें आजमगढ़ और संतकबीरनगर से उम्मीदवार बदले गए हैं। पार्टी ने संतकबीनगर से उम्मीदवार की घोषणा नौंवी सूची में की थी। यहां से पहले आलम को प्रत्याशी बनाया था, इसके बाद उनका टिकट काटकर दानिश को टिकट दिया गया। हालांकि, अब पार्टी ने नदीम अशरफ को प्रत्याशी बनाया है।
