एक्सप्लेनर्स

आंध्र प्रदेश में BJP के दोनों हाथों में लड्डू! चंद्रबाबू नायडू के साथ-साथ जगन मोहन रेड्डी की भी NDA में एंट्री की चाहत; समझिए AP का समीकरण

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 18, 2024, 07:03 PM IST

Andhra Pradesh Election: राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी और टीडीपी का गठबंधन फाइनल चरण में है। टीडीपी पहले भी बीजेपी के साथ रह चुकी है, लेकिन राज्य के मुद्दे पर चंद्रबाबू नायडू बीजेपी से अलग हो गए थे।

Image

आंध्र प्रदेश में बीजेपी के साथ लिए टीडीपी और वाईएसआर कांग्रेस दोनों गठबंधन को इच्छुक (फोटो- BJP&PTI)

Andhra Pradesh Election: आंध्र प्रदेश में बीजेपी के दोनों हाथों में लड्डू दिख रहा है। आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। यहां कांग्रेस तोड़कर अलग पार्टी बनाने वाले जगन मोहन रेड्डी सत्ता में हैं और विपक्ष में तेलगु देशम पार्टी यानि कि टीडीपी, जिसके नेता चंद्रबाबू नायडू हैं। दोनों ही पार्टी बीजेपी के साथ गठबंधन करने के लिए लालायित दिख रही है। दोनों के शीर्ष नेता, बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। अब बीजेपी किसके साथ जाएगी ये देखने वाली बात होगी, क्योंकि उसी हिसाब से आंध्र प्रदेश का समीकरण भी बदल जाएगा।

टीडीपी का समीकरण

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी और टीडीपी का गठबंधन फाइनल चरण में है। टीडीपी पहले भी बीजेपी के साथ रह चुकी है, लेकिन राज्य के मुद्दे पर चंद्रबाबू नायडू बीजेपी से अलग हो गए थे। अब चंद्रबाबू नायडू सत्ता से बाहर हैं और कई केस में फंसे हैं। जेल भी जा चुके हैं। कहा जाता है कि टीडीपी जब भी बीजेपी के साथ सत्ता मे गई है, उसे फायदा हुआ है। टीडीपी पर कांग्रेस की ओर से जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला भी डोरे डाल रही है, लेकिन चंद्रबाबू नायडू जानते हैं कि कांग्रेस के साथ जाने से ज्यादा फायदा उन्हें बीजेपी के साथ होगा। मोदी के चेहरे से उन्हें कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा वोट हासिल हो सकता है। जिससे वो सत्ता में वापसी कर सकती हैं। वहीं कांग्रेस का आंध्र प्रदेश में आज भी जनाधार है, वो कम सीटों पर समझौते नहीं करेगी, जबकि बीजेपी का उतना जनाधार नहीं है, वो कांग्रेस से कम सीटों पर गठबंधन कर सकती है।

वाईएसआर का समीकरण

आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी भी बीजेपी के साथ गठबंधन करने के लिए जोर लगा रही है। क्योंकि अगर टीडीपी, बीजेपी के साथ गई तो उसका पलड़ा भारी हो जाएगा। चंद्र बाबू नायडू मजबूत हो जाएंगे, जो जगन मोहन रेड्डी के लिए बड़े खतरे का संकेत है। चूकि जगन मोहन रेड्डी, कांग्रेस को तोड़कर अलग हुए हैं, इसलिए वो उसके साथ जा नहीं सकते हैं।

बीजेपी का समीकरण

कहा जा रहा है कि बीजेपी, वाईएसआर कांग्रेस के साथ नहीं जाएगी, टीडीपी के साथ डील लगभग फाइनल है। सीटों को लेकर कुछ बात अटक रही है। टीडीपी, बीजेपी को लोकसभा की 6 और विधानसभा की 20 सीटें दे रही है, जबकि बीजेपी इससे ज्यादा चाह रही है। आंध्र प्रदेश में बीजेपी, टीडीपी के साथ तो जा सकती है, लेकिन वाईएसआर को भी नाराज नहीं करना चाहती है। क्योंकि राजनीति में दोस्ती कभी भी काम आ सकती है। संसद के अंदर कई मामलों पर वाईएसआर कांग्रेस, बीजेपी के साथ जा चुकी है। ऐसे में संभावना है कि बीजेपी टीडीपी से गठबंधन करे और जगन मोहन रेड्डी से दोस्ती।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article