Radhakrishn Fame Sumedh Mudgalkar Suffers Nasal Fracture: टीवी पर 'राधाकृष्ण' के कृष्ण बनकर सबके दिलों में राज करने वाले सुमेध मुद्गलकर का आज 27वां जन्मदिन है। सुमेध मुद्गलकर के जन्मदिन के मौके पर फैंस से लेकर सितारे तक उन्हें ढेर सारी बधाइयां दे रहे हैं। लेकिन जन्मदिन से पहले सुमेध मुद्गलकर के साथ भयंकर हादसा हो गया, जिससे उनकी जान पर भी बन आई। इस हादसे में सुमेध मुद्गलकर (Sumedh Mudgalkar) की नाक की हड्डी तक टूट गई। इस बात की जानकारी खुद सुमेध मुद्गलकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी है। एक्टर ने हादसे के सिलसिले में बात करते हुए फैंस को बताया कि अभी वो ठीक हैं।
सुमेध मुद्गलकर (Sumedh Mudgalkar) ने अपनी पोस्ट में पहले फैंस को दिवाली की ढेर सारी बधाइयां दीं और इसके बाद अपने साथ हुए हादसे के बारे में बताया। सुमेध मुद्गलकर ने पोस्ट में लिखा, "मैं अच्छे से जानता हूं कि आप लोग मेरे जन्मदिन को स्पेशल बनाने के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं। लेकिन जन्मदिन आने वाला है और मैं सोच रहा हूं कि मैं खुद ही आप लोगों को बता दूं। एक प्रोजेक्ट के लिए एक्शन सीन शूट करते हुए मेरे नाक की हड्डी टूट गई। करंट स्टेटस ये है कि मेरा ञपरेशन हो चुका है और जिसे मेरी चिंता हो रही है, मैं बता दूं कि मैं ठीक हूं। मैं मुस्कुरा भी रहा हूं।"
सुमेध मुद्गलकर (Sumedh Mudgalkar) ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "चिंता करने वाली कोई बात नहीं है, ये कोई बहुत बड़ी चोट नहीं है। बस कुछ सप्ताह इसे ठीक होने में लगेंगे। मैं जानता था कि इन मौकों पर मेरी तस्वीरों का न होना आप लोगों को परेशान करेगा। इसलिए सोचा कि मैं खुद ही बता दूं। मैं आप लोगों से जुड़ने की पूरी-पूरी कोशिश करूंगा।" सुमेध मुद्गलकर ने अपनी फोटो भी शेयर की, जिसमें उनके चेहरे पर पट्टी नजर आई। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "थोड़ा अलग जन्मदिन है इस बार।"
