भारत में भगवान शिव के कई ऐसे मंदिर हैं, जो अपनी खास वजहों से दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं लेकिन गुजरात के डांग जिले में स्थित शिवघाट एक ऐसी जगह है, जहां हर साल बारिश के मौसम में एक बेहद अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। यहां एक मौसमी झरना सीधे शिवलिंग के ऊपर गिरता है। इसे देखकर ऐसा लगता है मानो प्रकृति खुद भगवान शिव का जलाभिषेक कर रही हो।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
शिवलिंग पर सीधे गिरता है झरने का पानी
मानसून शुरू होते ही आसपास की पहाड़ियों से बहता पानी एक खूबसूरत झरने का रूप ले लेता है। यह झरना सीधे शिवलिंग पर गिरता है और पूरे मंदिर परिसर को एक दिव्य रूप में दिखाता है। इस नजारे को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सिर्फ एक प्राकृतिक घटना नहीं, बल्कि भगवान शिव का आशीर्वाद भी है इसलिए बारिश के मौसम में यहां भक्तों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। लोग शिवलिंग के दर्शन करते हैं, पूजा-अर्चना करते हैं और इस अनोखे नजारे को अपने कैमरे में भी कैद करते हैं।
हर कोई देखना चाहता है यह नजारा
शिवघाट चारों ओर से हरे-भरे जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। मानसून के दौरान यहां की हरियाली और झरनों की आवाज पूरे माहौल को और भी सुंदर बना देती है। हाल के दिनों में इस जगह का वीडियो सोशल मीडिया (Social media) पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में झरने का पानी लगातार शिवलिंग पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। इस खूबसूरत नजारे को देखकर लोग इसे प्रकृति और आस्था का अनोखा संगम बता रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे भगवान शिव का चमत्कार कहा, तो कुछ ने इसे प्रकृति की शानदार कारीगरी बताया। इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @mayurraval304 नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे अब तक 2 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा और लाखों लोगों ने इसे लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
