Cyber Fraud Recovery : ऑनलाइन ठगी के शिकार लोग अक्सर यह सोचते हैं कि पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के बाद उनका पैसा अपने आप वापस आ जाएगा। हालांकि, केवल पुलिस शिकायत से अपराधी को सजा तो मिल सकती है, लेकिन वित्तीय नुकसान की भरपाई तुरंत होना आसान नहीं होता। हाल ही में नागपुर जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (District Consumer Commission) के एक फैसले ने साइबर फ्रॉड पीड़ितों को राहत की नई उम्मीद दी है। कमीशन ने आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) को फेडेक्स पार्सल घोटाले (FedEx Parcel Scam) में 6.93 लाख रुपये गंवाने वाली एक महिला को 5.18 लाख रुपये से अधिक रिफंड करने का आदेश दिया। कोर्ट ने माना कि बैंक ने सेवा में लापरवाही और अनुचित व्यवहार किया है। अगर आपके साथ भी कोई साइबर फ्रॉड होता है और बैंक सुरक्षा में चूक करता है, तो आप कंज्यूमर कमीशन का रुख कर सकते हैं। आइए आसान शब्दों में समझें कि यह व्यवस्था कैसे काम करती है।
क्रिमिनल केस बनाम मुआवजे का केस: दोनों में क्या अंतर है?
साइबर मामलों के जानकार के अनुसार, हर साइबर अपराध के दो पहलू होते हैं। आपराधिक पहलू (Criminal Case): इसमें पुलिस धोखाधड़ी करने वाले को पकड़ती है और अदालत उसे सजा देती है। वित्तीय नुकसान (Financial Loss): अपराधी को सजा मिलने से पीड़ित का पैसा अपने आप वापस नहीं आ जाता। आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मुआवजे का तंत्र बहुत धीमा है, जहां मामले सालों-साल लटके रहते हैं। इसके उलट, अगर बैंक की तरफ से सुरक्षा में कोई लापरवाही हुई है, तो उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम (Consumer Protection Act) के तहत कंज्यूमर कमीशन के पास जाकर बैंक से मुआवजा मांगा जा सकता है।
कंज्यूमर कमीशन कब और कैसे मदद कर सकता है?
अगर बैंक अपनी जिम्मेदारी और सुरक्षा मानकों को पूरा करने में विफल रहता है, तो उसे 'सेवा में कमी' (Deficiency in Service) माना जाता है। अगर आपके खाते से अचानक बड़ा लेन-देन होता है या आपकी एफडी तोड़कर किसी अनजान खाते में पैसे भेजे जाते हैं, तो बैंक के सिक्योरिटी और ट्रांजैक्शन मॉनिटरिंग सिस्टम को इसे सस्पेक्ट के तौर पर फ्लैग करना चाहिए। अगर बैंक ऐसे असामान्य लेन-देन या म्यूल खातों पर नजर रखने में नाकाम रहता है, तो ग्राहक बैंक पर लापरवाही का दावा ठोक सकते हैं।
कंज्यूमर कमीशन में शिकायत के लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
कंज्यूमर कोर्ट में मामला दर्ज कराना अन्य अदालतों की तुलना में काफी आसान है। इसके लिए आपको निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
- अपडेटेड बैंक पासबुक या अकाउंट स्टेटमेंट: जिससे गलत ट्रांजैक्शन की पुष्टि हो सके।
- ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी: जैसे ट्रांजैक्शन आईडी, तारीख और समय।
- पुलिस शिकायत की कॉपी: साइबर पुलिस स्टेशन या स्थानीय पुलिस में दर्ज एफआईआर की कॉपी।
- साइबर पोर्टल की रसीद: हेल्पलाइन 1930 या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायत की पावती (Acknowledgement Number)।
पीड़ित किस-किस चीज के लिए मुआवजे का दावा कर सकते हैं?
कंज्यूमर कमीशन के सामने पीड़ित केवल ठगी गई राशि ही नहीं, बल्कि अन्य चीजों के लिए भी राहत की मांग कर सकते हैं। डूबी हुई मूल राशि (Financial Loss), मानसिक प्रताड़ना का मुआवजा, खोई हुई राशि पर ब्याज, कानूनी लड़ाई में हुआ खर्च।
साइबर फ्रॉड होने पर क्या करें? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)
अगर आप किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होते हैं, तो इन 5 कदमों का पालन करें।
- तुरंत 1930 पर कॉल करें: फ्रॉड होते ही सबसे पहले नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। शुरुआती कुछ मिनटों में रिपोर्ट करने से बैंक ठगों के खातों को फ्रीज (Freeze) कर सकते हैं।
- पुलिस शिकायत दर्ज करें: तुरंत साइबर पुलिस या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं और पावती लें।
- सुपुर्दनामा (Supurdnama) की प्रक्रिया: अगर पुलिस ठगों का खाता फ्रीज कर देती है, तो आप अदालत में सुपुर्दनामा के तहत याचिका लगाकर अपना फ्रीज हुआ पैसा वापस पा सकते हैं।
- बैंक की लापरवाही जांचें: देखें कि क्या बैंक की ओर से अलर्ट भेजने या संदिग्ध ट्रांजैक्शन रोकने में कोई लापरवाही हुई है।
- कंज्यूमर कमीशन जाएं: अगर बैंक की कमी सामने आती है, तो मुआवजे के लिए कंज्यूमर कमीशन का दरवाजा खटखटाएं।
चेतावनी:- फेडेक्स जैसी कंपनियां कभी भी फोन, ईमेल या मैसेज पर बिना मांगे व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगतीं। किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर निजी डिटेल शेयर न करें और तुरंत इसकी सूचना साइबर क्राइम अथॉरिटी को दें।
