Bali Tour Plan: कम बजट में और ज्यादा से ज्यादा जगहों की सैर आप कर सकें इसके लिए आईआरसीटसी ने बाली का स्पेशल टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। 6 दिन का ये टूर पैकेज रहने वाला है। 30 सिंतबर 2026 को मुंबई से बाली के न्गुराह राय इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सबसे पहले इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें और अपना सामान लें। बाहर निकलते ही आपका स्वागत स्थानीय प्रतिनिधि द्वारा किया जाएगा। इसके बाद बस से भारतीय रेस्टोरेंट ले जाया जाएगा, जहां स्वादिष्ट लंच मिलेगा। लंच के बाद होटल में चेक-इन कर आराम करें। शाम को भारतीय रेस्टोरेंट में डिनर का आनंद लेने के बाद वापस होटल लौटेंगे और रात वहीं बिताएंगे।
दूसरे दिन का प्लान
दूसरे दिन सुबह जल्दी उठकर होटल से पैक्ड ब्रेकफास्ट लेकर सनूर बीच पहुंचेंगे। यहां से फास्ट बोट के जरिए बेहद खूबसूरत नुसा पेनिडा द्वीप के लिए रवाना होंगे। सबसे पहले एंजेल बिलाबोंग जाएंगे, जो प्राकृतिक इन्फिनिटी पूल जैसा शानदार नजारा पेश करता है। इसके बाद कुछ ही दूरी पर स्थित ब्रोकन बीच देखेंगे, जहां समुद्र के बीच प्राकृतिक चट्टानों का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है। दोपहर में स्थानीय रेस्टोरेंट में इंडोनेशियन लंच करने के बाद केलिंगकिंग बीच जाएंगे। डायनासोर की आकृति जैसी दिखने वाली यह चट्टान बाली की सबसे ज्यादा फोटो खिंचवाने वाली जगहों में से एक है। इसके बाद क्रिस्टल बे पहुंचेंगे, जहां साफ नीला पानी और समुद्री जीवन देखने का मौका मिलेगा। अगर चाहें तो यहां स्नॉर्कलिंग का भी मजा ले सकते हैं, इसलिए स्विमिंग ड्रेस साथ रखना बेहतर रहेगा। शाम को फास्ट बोट से वापस बाली लौटेंगे। भारतीय रेस्टोरेंट में डिनर करने के बाद होटल में रात बिताएंगे।
तीसरे दिन का प्लान
तीसरे दिन नाश्ते के बाद सुबह होटल से निकलकर सबसे पहले बाटुबुलान गांव जाएंगे, जहां पारंपरिक बाली शैली में बनने वाले खूबसूरत बाटिक कपड़ों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद सेलुक गांव में चांदी के आभूषण और मास गांव में लकड़ी की शानदार नक्काशी देखने को मिलेगी। फिर पहुंचेंगे उबुद मंकी फॉरेस्ट, जहां सैकड़ों लंबी पूंछ वाले बंदर प्राकृतिक माहौल में रहते हैं। इसके बाद टेगालालंग राइस टेरेस का मनमोहक नजारा देखेंगे और फिर किंतामणि पहुंचकर माउंट बाटुर और बाटुर झील का खूबसूरत दृश्य देखेंगे। दोपहर में पहाड़ों के नजारे के बीच इंडोनेशियन बुफे लंच का आनंद लिया जाएगा। इसके बाद तिरता एम्पुल मंदिर जाएंगे, जहां पवित्र जल से स्नान करने की धार्मिक परंपरा है। मान्यता है कि यहां का जल मन और आत्मा को शुद्ध करता है। शाम को भारतीय रेस्टोरेंट में डिनर के बाद होटल लौटेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
चौथे दिन और पांचवें दिन का प्लान
चौथे दिन सुबह नाश्ते के बाद उलुन दानु बेरातन मंदिर के लिए रवाना होंगे। झील के किनारे बना यह मंदिर बाली की सबसे खूबसूरत जगहों में गिना जाता है। पानी में इसकी परछाई इसे ऐसा रूप देती है मानो मंदिर झील पर तैर रहा हो। दोपहर में स्थानीय रेस्टोरेंट में लंच करने के बाद बाली के सबसे मशहूर मंदिरों में से एक तनाह लोट मंदिर जाएंगे। समुद्र के बीच चट्टान पर बना यह मंदिर सूर्यास्त के समय बेहद आकर्षक दिखाई देता है और बाली आने वाले लगभग हर पर्यटक की पसंदीदा जगहों में शामिल है। शाम को भारतीय रेस्टोरेंट में डिनर करने के बाद नुसा दुआ स्थित होटल में चेक-इन करेंगे और वहीं रुकेंगे।
पांचवें दिन सुबह नाश्ते के बाद लेम्पुयांग मंदिर के लिए निकलेंगे, जिसे हेवेन गेट (स्वर्ग का द्वार) भी कहा जाता है। यह मंदिर पहाड़ों के बीच स्थित है और यहां से दिखाई देने वाला दृश्य किसी सपने जैसा लगता है। यहीं ली जाने वाली प्रसिद्ध 'गेट ऑफ हेवन' फोटो दुनियाभर में काफी लोकप्रिय है। इसके बाद तिरता गंग्गा वॉटर पैलेस जाएंगे। यह कभी करंगासेम राजघराने का शाही महल हुआ करता था, जिसे अब एक सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां बने फव्वारे, तालाब और हरे-भरे बगीचे पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
छठे दिन का प्लान
सुबह होटल में नाश्ता करने के बाद चेक-आउट की प्रक्रिया पूरी होगी। यात्रा के लिए पैक्ड लंच दिया जाएगा और फिर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। यहां से कोलकाता के लिए अपनी वापसी की फ्लाइट पकड़ेंगे और यादगार बाली यात्रा का समापन होगा।
खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी
सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 79,000 रुपए में पड़ेगी। डबल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया- 71,500 रुपए है। ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया- 71,000 रुपए है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया- 65,600 रुपए है। इस पैकेज का कोड- WMO014 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं।
