बॉलीवुड

Tiger Shroff फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने नेपाल में बनाया था आरोपियों के लिए सेफ हाउस

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग की जांच में अब एक नया खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच को गैंग के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

Image

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद नेपाल भागने की थी प्लानिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने तैयार किया था पूरा रास्ता (Image Source: Reddit)

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर और जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff) के बेटे टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में इस मामले से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है। जांचकर्ताओं को शक है कि इस पूरी वारदात के पीछे सिर्फ फायरिंग की साजिश ही नहीं थी, बल्कि आरोपियों के भागने के लिए भी पहले से तैयारी की गई थी। जांच में अब इस नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को समझने की कोशिश की जा रही है।

नेपाल में बनाया गया था आरोपियों के लिए सेफ हाउस

मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में गिरफ्तार आरोपियों के लिए नेपाल में कथित तौर पर एक सुरक्षित ठिकाना तैयार किया था। जांचकर्ताओं को पता चला है कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी तीन से चार दिन नेपाल में रुके थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उन्हें पहले नेपाल ले जाया गया था। वहां उन्हें फायरिंग के बाद भागने का रास्ता समझाया गया था। उनसे कहा गया था कि टारगेट पर गोली चलाने के बाद उन्हें उसी रास्ते से वापस नेपाल लौटना होगा।

फायरिंग के बाद नेपाल पहुंचाने का था प्लान

जांच के अनुसार, आरोपियों को कथित तौर पर भरोसा दिलाया गया था कि फायरिंग के बाद गैंग के नेटवर्क से जुड़ा कोई व्यक्ति उन्हें नेपाल में रिसीव करेगा। इसके बाद उन्हें किसी दूसरी सुरक्षित जगह पर पहुंचाने की व्यवस्था थी, जहां भारतीय एजेंसियों के लिए उन्हें ढूंढना या गिरफ्तार करना मुश्किल हो सकता था। हालांकि, फायरिंग की घटना के बाद आरोपी ऋतिक कुमार, फूल सिंह नरेश और रेहान अंसारी उर्फ सुखा कोटा की ओर भाग गए। लेकिन वे आगे निकल पाते, उससे पहले ही कोटा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

नेपाल नेटवर्क की जांच कर रही क्राइम ब्रांच

अब मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच का फोकस लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेपाल नेटवर्क पर है। जांचकर्ता ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि नेपाल में कथित सेफ हाउस कहां बनाया गया था और आरोपियों के वहां रहने के दौरान किस-किस ने उनकी मदद की थी। इसके अलावा, गैंग के उन गुर्गों की भूमिका भी जांच के दायरे में है, जिन्होंने आरोपियों के लिए ठहरने और भागने का इंतजाम किया था।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article