Rohit Godara Gang : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार कर कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर हुई फायरिंग की वारदात को सुलझाने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पीतमपुरा में रहने वाले कारोबारी साहिल जैन के घर के बाहर गोलियां चलाई थीं। बदमाशों ने उनकी कार को भी निशाना बनाया था। जांच में सामने आया कि इस फायरिंग के पीछे विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का हाथ था। मामला रंगदारी से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी।
क्राइम ब्रांच की ARSC टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की। पुलिस टीम ने 500 किलोमीटर से ज्यादा पीछा करने के बाद तीनों को रोहिणी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, तीनों दिल्ली में एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने आए थे। उनकी तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के बाद फायरिंग में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
50 हजार रुपये देने का लालच देकर गैंग में शामिल किया
जांच में सामने आया कि मोक्ष गैंग के लिए स्थानीय स्तर पर काम करता था और विदेश में बैठे रोहित गोदारा के करीबी विवेक और फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। वह विदेश में बैठे गैंग के लोगों और दिल्ली-एनसीआर में मौजूद बदमाशों के बीच कड़ी का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, मोक्ष ने निखिल को गैंग में शामिल कराया और उसे अच्छी कमाई व ऐशो-आराम की जिंदगी का लालच दिया। साहिल जैन के घर पर फायरिंग करने के लिए उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर साहिल जैन के घर पर फायरिंग की थी। वहीं, शुभम को निखिल ने गैंग से जोड़ा था। वह भी कारोबारी से रंगदारी वसूलने की साजिश में शामिल हो गया था।
तीनों आरोपियों की अलग-अलग भूमिका
पुलिस के अनुसार, निखिल मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसने तीसरी कक्षा तक पढ़ाई की है। शुभम भी मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और दसवीं तक पढ़ा है। वहीं, मोक्ष हरियाणा के करनाल का रहने वाला है और दसवीं तक पढ़ा है। पुलिस का कहना है कि मोक्ष गैंग के लिए नए लड़कों की भर्ती करने और उन्हें हथियार व दूसरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करता था।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस मामले में विदेश में बैठे गैंग के संचालकों, स्थानीय मददगारों और वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों के बीच आपसी तालमेल का खुलासा हुआ है। पुलिस अब फरार आरोपी प्रदीप और गैंग के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।
