क्रिकेट

'मेरी पत्नी रो रही थी, गंभीर सर ने मुझसे सबसे पहले संपर्क किया' भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान का खुलासा

Sarfaraz Khan Revelation: भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान ने खुलासा किया है कि उन पर जो आरोप लगे थे उससे उनके परिवार पर बहुत भावनात्मक असर पड़ा था। उस समय टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर पहले व्यक्ति थे जिन्होंने उनसे संपर्क किया था।

Image

सरफराज खान और गौतम गंभीर (Instagram/sarfarazkhan97/gautamgambhir55)

सरफराज खान ने खुलासा किया है कि ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक होने के आरोपों से उन पर और उनके परिवार पर काफी भावनात्मक प्रभाव पड़ा तथा भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहले व्यक्ति थे जिन्होंने उनसे संपर्क किया और उनका हौसला बढ़ाया। मुंबई के इस बल्लेबाज पर 2024-25 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया था।

इस 29 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि इन आरोप से उन्हें गहरा दुख पहुंचा और उन्हें इससे भी ज्यादा इस बात की चिंता है कि उनके माता-पिता और पत्नी पर इसका बुरा असर पड़ा। सरफराज ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर कहा, "मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा। दो दिन बाद जीजी सर (गौतम गंभीर) ने मुझे फोन किया। उन्होंने मुझसे कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं और मुझे ऐसी राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए, बल्कि अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए।"

उन्होंने कहा, "मैंने उनसे कहा कि मैं यह समझ सकता हूं, लेकिन मेरे पिता (नौशाद) दुखी हैं और मेरी पत्नी भी रो रही है। इसके बाद जीजी सर ने मेरे पिता से बात की और उनसे कहा कि वे ऐसी बातों को महत्व देना बंद करें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता से कहा कि अगर उन्हें किसी मदद की जरूरत हो तो वे उन्हें फोन करें। सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया।"

ये आरोप तब सामने आए जब ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारतीय ड्रेसिंग-रूम में सब कुछ ठीक न होने की खबरें आ रही थीं। कहा जा रहा था कि गंभीर टीम के प्रदर्शन से नाखुश नहीं थे और ऐसी खबरें सामने आईं कि मेलबर्न में चौथे टेस्ट में भारत की हार के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई थी। सरफराज पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल थे हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article