साउथ मूवीज

एक फिल्म, दो सीक्वल और दो हीरो! ऋषभ शेट्टी की 'जय हनुमान' के बीच HanuMan 2 का ऐलान

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 21, 2026, 01:16 PM IST

HanuMan 2 First Poster: तेजा सज्जा की सुपरहिट फिल्म 'हनु-मैन' के बाद अब एक और फैंटेसी फिल्म का ऐलान हुआ है। इस बार कहानी में नया हीरो नजर आएगा।

Image

'हनु-मैन' की दुनिया में होगी नई एंट्री, पांजा वैष्णव तेज के साथ बनेगी 'द राइज ऑफ वानरास' (Image Source: Panja Vaisshnav Tej Instagram)

HanuMan 2 First Poster: साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म हनु-मैन (Hanu-Man) ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। तेजा सज्जा (Teja Sajja) की इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया और इसके फैंटेसी वर्ल्ड ने भी खूब चर्चा बटोरी। फिल्म के बाद से ही इसकी अगली कहानी को लेकर दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट बनी हुई है। अब इस फ्रेंचाइजी से जुड़ी एक नई घोषणा ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। खास बात ये है कि इस बार फिल्म के साथ एक नया एक्टर और अलग निर्देशक जुड़ रहे हैं, जिससे कहानी को लेकर फैंस के मन में कई सवाल उठने लगे हैं।

पांजा वैष्णव तेज बने नए हीरो

प्राइमशो एंटरटेनमेंट (Primeshow Entertainment) ने अपनी नई फिल्म 'हनु-मैन 2: द राइज ऑफ वानरास' (HanuMan 2: The Rise of Vanaras) का ऐलान किया है। इसमें पांजा वैष्णव तेज (Panja Vaisshnav Tej) लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन VI आनंद (VI Anand) करेंगे। प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म का अनाउंसमेंट पोस्टर भी जारी किया है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा है। पोस्टर में एक शख्स को बादलों के बीच ऊपर उठते हुए दिखाया गया है। उसके आसपास भगवान हनुमान की विशाल दिव्य छवि और एक बड़ी वानर पूंछ नजर आ रही है। इस फिल्म को के. निरंजन रेड्डी और चैतन्य रेड्डी प्राइमशो एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस करेंगे। फिल्म को तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज करने की तैयारी है।

तेजा सज्जा की जगह नए हीरो को मिली जिम्मेदारी?

'हनु-मैन' में तेजा सज्जा ने मुख्य भूमिका निभाई थी और फिल्म का निर्देशन प्रशांत वर्मा (Prasanth Varma) ने किया था। फिल्म के बाद इसके अगले पार्ट 'जय हनुमान' (Jai Hanuman) की घोषणा हुई थी, जिसमें ऋषभ शेट्टी (Rishab Shetty) भगवान हनुमान की भूमिका निभाने वाले हैं। इस प्रोजेक्ट पर प्रशांत वर्मा काम कर रहे हैं। अब प्राइमशो एंटरटेनमेंट ने 'हनु-मैन 2: द राइज ऑफ वानरास' का ऐलान कर दिया है। ऐसे में फ्रेंचाइजी से जुड़ी दो अलग-अलग फिल्मों की चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोड्यूसर के. निरंजन रेड्डी और निर्देशक प्रशांत वर्मा के बीच प्रोजेक्ट को लेकर मतभेद भी सामने आए थे। इसके बाद प्रशांत वर्मा ने 'जय हनुमान' को दूसरे प्रोडक्शन हाउस के साथ आगे बढ़ाया।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article