देश

जूते चुराने पर ऐसा बवाल कि दुल्हन ने जाने से किया मना! दूल्हा पहुंचा थाने, आखिर शादी समारोह में हुआ क्या?

मध्य प्रदेश के शाजापुर में जूते चुराई की रस्म के दौरान नेक मांगने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन पक्ष ने विदाई से इनकार कर दिया। दोनों पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंच गए। दूल्हे पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।

Image

मध्य प्रदेश के शाजापुर में एक शादी समारोह में मचा बवाल।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

मध्य प्रदेश के शाजापुर में एक शादी समारोह उस वक्त विवाद में बदल गया, जब जूते चुराई की रस्म के दौरान नेक मांगने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन पक्ष ने विदाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंच गए।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात उज्जैन के राजेंद्र नगर से अनुराग यादव, पिता संतोष यादव, बारात लेकर शाजापुर पहुंचे थे। यहां गैस गोडाउन क्षेत्र निवासी कैलाश खेर की बेटी योग्यता के साथ उनका विवाह समारोह आयोजित किया गया था। शादी की रस्में पूरी होने के बाद जूते चुराई की रस्म के दौरान नेक मांगने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

जूते चुराई की रस्म से थाने तक पहुंचा मामला

शुरुआत में रस्म के दौरान हुई कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने लड़की की विदाई करने से मना कर दिया। लड़की पक्ष के लोग कोतवाली थाने पहुंचे और मारपीट को लेकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दूल्हे पक्ष के लोग भी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंच गए।

दूल्हे पक्ष ने लगाए दबाव बनाने के आरोप

दूल्हे पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने उनकी ओर से सिर्फ आवेदन लिया है, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की। उनका दावा है कि दुल्हन के अंकल सुनील पेंटर शाजापुर से बीजेपी पार्षद हैं और उनके प्रभाव व दबाव के चलते उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

दूल्हे पक्ष का कहना है कि वे आज भी दुल्हन को विदा कराकर अपने घर ले जाने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि दूल्हे के घर पर रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें हजारों लोगों को निमंत्रण दिया जा चुका है। इसके बावजूद दुल्हन पक्ष विदाई के लिए तैयार नहीं है।

फिलहाल, कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उनके आवेदनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की असल वजह और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article