raveena tandon shared tiger video: बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन एनीमल लवर हैं। वो अक्सर अपने बिजी शेड्यूल से वक्त निकालकर जानवरों को निहारने पहुंच जाती हैं। अब फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वन विहार का एक वीडियो शेयर किया है और बाघों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए अपने ट्विटर अकाउंट पर एक ऐसा वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बदमाश सैलानी बाघों को पत्थर मारते हुए दिख रहे हैं।
अभिनेत्री रवीना टंडन ने ट्वीट कर लिखा, 'वन विहार, भोपाल(मध्य प्रदेश) पर्यटक (बदमाश) बाघों पर पथराव करते हैं। ऐसा न करने के लिए कहने पर अच्छी हंसी आती है। हंसते हैं, पिंजरे को हिलाते हैं- पत्थर फेंकते हैं। बाघ के लिए कोई सुरक्षा नहीं। अपमान वे अधीन हैं।'
वन विभाग ने किया रीट्वीट
एक्ट्रेस रवीना के ट्वीट पर वन विहार मैनेजमेंट भी हरकत में आया है। मैनेजमेंट ने रवीना को रीट्वीट करते हुए लिखा- 'वन विहार मैनेजमेंट पहले से ही इस घटना की जांच कर रहा है। बदमाशों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। संरक्षित जानवरों के खिलाफ ऐसी कोई भी कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय है।'
आपको बताते चलें पिछले हफ्ते ही बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन फिल्म पटना शुक्ला की शूटिंग के सिलसिले में भोपाल पहुंची थीं और शूटिंग खत्म होने के बाद वक्त मिलने पर वन विहार सैर करने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने भोपाल के वन विहार में आए सैलानियों को इस तरह का व्यवहार करते देखा था। किस तरह से सैलानी जानवरों के साथ मजाक करते हैं अब इसपर रवीना ने सवाल खड़े किए हैं। दर्शकों का जानवरों के प्रति अभद्रता दर्शाता हुआ वीडियो रवीना टंडन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। इसमें कुछ पर्यटक बाघों को पत्थर मार रहे हैं और बाड़े की जाली आदि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
