शहर

पश्चिम बंगाल में मदरसा शिक्षक भर्ती का बदलेगा सिस्टम, WBSSC के तहत आएगा आयोग; मदरसा सर्विस कमीशन का होगा विलय

पश्चिम बंगाल सरकार मदरसा सर्विस कमीशन को WBSSC में मर्ज करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित बदलाव के बाद मान्यता प्राप्त मदरसों में शिक्षकों की भर्ती WBSSC के जरिए होगी।

Image

पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने मदरसा सर्विस कमीशन को खत्म कर इसे पश्चिम बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (WBSSC) में विलय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार के इस कदम के बाद मान्यता प्राप्त मदरसों में शिक्षकों की भर्ती WBSSC के जरिए किए जाने का रास्ता साफ होगा। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। हालांकि, इसे लागू करने के लिए राज्य विधानसभा में कानून में जरूरी बदलाव करने होंगे।

शिक्षा विभाग के मुताबिक, विधानसभा में दो अलग-अलग विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। इनमें से एक के जरिए पश्चिम बंगाल मदरसा सर्विस कमीशन एक्ट को खत्म करने का प्रस्ताव होगा, जबकि दूसरे विधेयक में WBSSC एक्ट में संशोधन किया जाएगा।

मदरसा सर्विस कमीशन के विलय से जुड़ा फैसला होगा लागू

शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव बिनोद कुमार ने बताया कि मदरसा सर्विस कमीशन के विलय से जुड़ा फैसला इस साल लागू किए जाने की उम्मीद है। विधानसभा से विधेयक पारित होने के बाद इन्हें राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद गजट अधिसूचना जारी की जाएगी।

प्रस्तावित विलय के बाद मान्यता प्राप्त मदरसों में शिक्षकों की भर्ती WBSSC की व्यवस्था के तहत होगी। हालांकि, WBSSC इसके लिए कानूनी संशोधन और अधिसूचना जारी होने के बाद ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकेगा। भर्ती संशोधित कानून और उसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार होगी।

मदरसा सर्विस कमीशन का गठन 2007 में अलग कानून के तहत किया गया था। यह पश्चिम बंगाल के 614 मान्यता प्राप्त मदरसों में शिक्षकों और अन्य शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती करता है। राज्य सरकार भर्ती प्रक्रिया के तौर-तरीकों को तय करने के लिए नए नियम बनाने या मौजूदा नियमों में संशोधन करने की भी तैयारी कर रही है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और एकरूप बनाना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article