देश

राजघाट में खरगे समेत विपक्षी सांसदों ने महात्मा गांधी को किया नमन, कल फिर एकत्रित होंगे सांसद; नई रणनीति तैयार!

INDIA Bloc Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद राजघाट में एकत्रित हुए।

Image

राजघाट में विपक्षी सांसदों ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

Photo : Times Now Digital

INDIA Bloc Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे और वहां पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राजधानी में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन

राजघाट में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जॉन ब्रिटास, अभिषेक बनर्जी, इमरान प्रतापगढ़ी, दीपेंद्र हुड्डा सहित अन्य विपक्षी सांसद मौजूद रहे। इस दौरान, विपक्षी सांसदों ने एक बात स्पष्ट की कि सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक हम रुकने वाले नहीं है और शुक्रवार को फिर राजधानी में विपक्षी सांसद एकजुट होंगे और प्रदर्शन करेंगे।

'शांतिपूर्ण ढंग से किया प्रोटेस्ट'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारे विरोध प्रदर्शन का यह तीसरा दिन है। हमने शांतिपूर्ण तरीके से प्रोटेस्ट किया और लोगों के मुद्दे उठाए। हम सभी ने गांधी जी की समाधि स्थल पर जाकर प्रार्थना की कि मोदी सरकार को सद्बुद्धि आए, ताकि ये लोग 'वोट चोरी' बंद करें। 'वोट चोरी' करने वाले इस्तीफा दें और लोगों के वोट का अधिकार सुरक्षित रहे।

राजघाट पर सांकेतिक प्रदर्शन

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने महात्मा गांधी की समाधि पर आज हम लोग आए थे और सांकेतिक तौर पर देशवासियों को बताने की कोशिश की कि मौजूदा सरकार अंग्रेजों की तरह बर्ताव कर रही है, लोगों के साथ बर्बरता कर रही है और वोट चोर को बचा रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होना जरूरी है, क्योंकि इस देश की लोकतांत्रित व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।

'विपक्षी सांसदों से क्यों नहीं मिलते चुनाव आयुक्त'

तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की ओर से जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वही सवाल अब दोनों चुनाव आयुक्तों के सामने भी उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त विपक्षी सांसदों से मुलाकात क्यों नहीं करते? चुनाव आयुक्त केवल भाजपा सांसदों से मिलते हैं और विपक्षी सांसदों को मिलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि वो फुलप्रूफ हैं, तो उसे विपक्षी सांसदों के साथ होने वाली बैठक का लाइव प्रसारण करना चाहिए... वोट चोरी 2014 से हो रही है...।

तीन दिनों से जारी है विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन

राहुल गांधी के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए विपक्षी सांसदों ने आज तीसरे दिन राजघाट पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इससे पहले, चुनाव आयोग का घेराव करने और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कोशिश की गई, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में ले लिया।

दिल्ली पुलिस को चौंका रहे कांग्रेस नेता

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार और गुरुवार को विपक्षी सांसदों को कनॉट प्लेस में लंच पर बुलाया और इसके बाद विपक्षी सांसद आगे की रणनीति को जमीन पर उतारने की कोशिशों में जुट गए।

आपको याद हो तो नीट परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ जब दिल्ली पुलिस ने छात्रों पर लाठियां चलाई थीं तो एक दिन अचानक राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे और वहां से प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने पहुंच गए। जिसके बाद एमओएस जितेंद्र सिंह विपक्षियों को समझाने पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी और दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, अखिलेश समेत तमाम नेताओं को हिरासत में लिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article