क्रिकेट

धनंजय डिसिल्वा के इस्तीफे के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने किया नए टेस्ट कप्तान के नाम का ऐलान

धनंजय डिसिल्वा के श्रीलंका की टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने के फैसले के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने नए टेस्ट कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। तीनों फॉर्मेट की कप्तानी अब एक ही खिलाड़़ी के हाथ में आ गई है।

Image

कुसल मेंडिस (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified)

कोलंबो: श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने गुरुवार को तुरंत प्रभाव से टेस्ट कप्तान का पद छोड़ दिया जिसके बाद कुसल मेंडिस को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट की श्रृंखला कप्तान के रूप में मेंडिस की पहली श्रृंखला होगी। मेंडिस पहले ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की अगुआई कर रहे हैं। श्रीलंका के लिए 31 वर्षीय मेंडिस ने 75 टेस्ट सहित कुल 343 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।

आ गया है नई पीढ़ी के हाथ में बागडोर सौंपेने का वक्त

डिसिल्वा ने पद छोड़ते हुए कहा था कि अब अगली पीढ़ी को बागडोर सौंपने का समय आ गया है। अपने करियर में 69 टेस्ट खेलकर 13 शतक समेत 4400 से अधिक रन बनाने वाले 35 वर्ष के धनंजय बतौर खिलाड़ी चयन के लिये उपलब्ध रहेंगे। जनवरी 2024 में टेस्ट कप्तान बने डिसिल्वा ने श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति को अपने फैसले से अवगत करा दिया है।

उन्होंने चयन समिति को लिखे पत्र में कहा, 'मेरा मानना है कि अब बागडोर अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिये।' श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ एशले डिसिल्वा ने क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप में योगदान के लिये धनंजय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा,'श्रीलंका क्रिकेट उन्हें भविष्य के लिये शुभकामना देता है और बतौर कप्तान योगदान के लिये धन्यवाद भी।'

ऐसा रहा धनंजय डिसिल्वा का कप्तानी रिकॉर्ड

धनंजय डिसिल्वा के नेतृत्व में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 18 टेस्ट मैच खेले जिसमें से 7 में उसे जीत मिली और 8 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा जबकि 3 मैच बराबरी पर समाप्त हुए। डिसिल्वा की कप्तानी में श्रीलंका का जीत प्रतिशत 38.88 का रहा। उनकी कप्तानी में श्रीलंका की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article