Pathaan box office collection day 17: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की एक्शन एंटरटेनर पठान ने सिनेमाघरों में 17 दिनों का सफर पूरा कर लिया है। शाहरुख खान की एक्शन एंटरटेनर ने पहले दिन से ही शानदार आंकड़े दर्ज कराना शुरू कर दिए थे, जो सिलसिला लगातार जारी है। फिल्म पठान ने डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 16 दिनों में 442.50 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली थी। अगर बात 17वें दिन की करें तो इसने अपने खाते में लगभग 6 करोड़ रुपये जोड़े हैं, जिसकी मदद से इसकी कुल कमाई 463.95 करोड़ रुपये हो गई है।
जल्द ही 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी पठान
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की हालिया रिलीज मूवी अपने तीसरे वीकेंड में कदम रख चुकी है। पठान के सामने इस वीकेंड कोई नई मूवी नहीं है, जिस कारण ट्रेड एक्सपर्ट मान रहे हैं कि किंग खान की मूवी इस वीकेंड भी जमकर कमाई करेगी। ट्रेड पंडितों की खबरों की मानें तो फिल्म पठान इस वीकेंड 500 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी। पठान यशराज बैनर की पहली मूवी है, जो 500 करोड़ रुपये की कमाई करने को तैयार है। इससे पहले यशराज बैनर की किसी फिल्म ने डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर इतना शानदार कारोबार नहीं किया है।
शाहरुख खान की बॉक्स ऑफिस पर हुई सफल वापसी
अभिनेता शाहरुख खान सालों से एक सफल मूवी के लिए तड़प रहे थे, जो उन्हें पठान के रूप में मिली है। पठान ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं और किंग खान की सबसे सफल मूवी बनकर उभरी है। शाहरुख खान के ब्लॉकबस्टर कमबैक को देखकर लोग उनके लिए दुआएं मांग रहे हैं और बोल रहे हैं कि किंग खान अब पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे। किंग खान के फैंस पठान की बम्पर कमाई देख काफी खुश हैं।
