Rani Mukerji Exclusive: बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 3 का अच्छा खासा बज बना हुआ है। हाल ही में ये फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है। मूवी में रानी ने काफी अच्छा काम किया है। इसी वजह से लोग फिल्म को प्यार दे रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर भी रानी मुखर्जी की ये फिल्म अच्छा परफॉर्म कर रही है। दुनियाभर में इस मूवी ने 14 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। इस बीच रानी मुखर्जी ने टाइम्स नाउ से खास बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने एक से एक खुलासे किए हैं। वहीं रानी मुखर्जी ने फिल्म 'ब्लैक' के लिए नेशनल अवॉर्ड न मिलने की बात बहुत भावुक होकर बताई। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर...
रानी मुखर्जी ने तोड़ी चुप्पी
टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार को दिए खास इंटरव्यू में रानी ने फिल्म 'ब्लैक' के लिए नेशनल अवॉर्ड न मिलने पर चुप्पी तोड़ी। रानी ने कहा 20 की उम्र में संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में अंधी लड़की का रोल निभाना उनके लिए बहुत मुश्किल था। वह उस समय सबसे मजबूत उम्मीदवारों में थीं, लेकिन अवॉर्ड नहीं मिला। रानी ने कहा कि 2026 में भी वे उस स्तर का परफॉर्मेंस दोबारा नहीं कर सकतीं। उस समय सेट पर जो जादू हुआ, वो जीवन में सिर्फ एक बार हुआ। अवॉर्ड न मिलने से बहुत दुख हुआ, लेकिन रानी ने अपने माता-पिता को और ज्यादा दुखी न देखने के लिए खुद को मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि उस समय वे अपने माता-पिता के लिए 'पैरेंट' बन गई थीं और अपना दर्द छिपाया। लेकिन इस हार ने उन्हें और फोकस्ड बनाया। रानी बोलीं कि इससे उन्हें पता चला कि वे सिर्फ दर्शकों के प्यार के लिए काम करती हैं। उन्होंने कहा कि अवॉर्ड से ज्यादा दर्शकों का भरोसा और प्यार उनका सबसे बड़ा अवॉर्ड है। अगर दर्शक खुश नहीं होंगे तो कोई अवॉर्ड उनके लिए मायने नहीं रखता।
इस मूवी के लिए मिला अवॉर्ड
बताते चलें कि साल 2025 में रानी मुखर्जी को 'मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला। इस बात से उनके फैंस काफी खुश हो गए थे। मालूम हो कि रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कर रही है। लोगों का ये मानना है कि जल्द ही ये फिल्म 20 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।
