राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सोशल मीडिया की लत को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजस्थान के जोधपुर में रविवार को ‘मरु निनाद-2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशा केवल रासायनिक पदार्थों का नहीं होता। इंस्टाग्राम और फेसबुक का भी एक अलग तरह का नशा है। किसी भी चीज की लत नुकसानदायक होती है। उन्होंने लोगों से समय की जरूरत को समझते हुए एकजुट होकर अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी ताकतें भारत को महान बनते नहीं देखना चाहतीं।
मोहन भागवत ने कहा कि आज देश आगे बढ़ रहा है,लेकिन छोटी-छोटी पहचानों को बड़ा करके समाज में टकराव पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इन प्रयासों की तुलना ब्रिटिश शासन की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से की। संघ प्रमुख भागवत ने कहा कि छोटे मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना और अलगाववाद को हवा देना ऐसी ताकतों की रणनीति है।
एकजुटता के लिए महाभारत का दिया उदाहरण
यहां अपने संबोधन के दौरान आरएसएस प्रमुख ने लोगों से स्वार्थ,छोटे मतभेद और अहंकार छोड़कर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि कौरवों के पास 11 अक्षौहिणी सेना और भीष्म, द्रोणाचार्य व कर्ण जैसे योद्धा थे, फिर भी वे आपसी मतभेदों के कारण हार गए। वहीं दूसरी ओर, सात अक्षौहिणी सेना वाले पांडव एकजुटता के कारण विजयी हुए।भागवत ने कहा कि देश के हर गांव, गली और मोहल्ले में 25 से 100 ऐसे निस्वार्थ और चरित्रवान लोगों की जरूरत है, जो सुख-दुख में समाज के साथ खड़े रहें और देश के लिए समर्पित होकर काम करें। उन्होंने कहा कि कर्म से आदत बनती है, आदत से स्वभाव और स्वभाव से चरित्र तैयार होता है। चरित्र ही व्यक्ति की असली ताकत है।
भारत की मदद करना हमारा धर्म
मोहन भागवत ने कहा कि भारत भले ही दुनिया के सबसे विकसित देशों में शामिल न हो, लेकिन संकट के समय उसने मालदीव, श्रीलंका और नेपाल जैसे पड़ोसी देशों की मदद की है। उन्होंने इसे भारत के धर्म और परोपकार की परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि दुनिया के साथ सहयोग और सेवा का भाव देश के स्वभाव का हिस्सा है।
संघ के घोष कार्यक्रम की परंपरा पर भी बोले
संघ प्रमुख ने आरएसएस के घोष कार्यक्रम के महत्व पर भी बात की। उन्होंने बताया कि इसकी परंपरा का संबंध प्राचीन भारतीय युद्ध संगीत से है। भगवद्गीता में पांचजन्य और देवदत्त जैसे शंखों का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि संघ के शुरुआती स्वयंसेवकों ने ब्रिटिश सैन्य बैंड से धुनें सीखीं, लेकिन बाद में भारतीय शास्त्रीय संगीत के आधार पर मौलिक सैन्य धुनें तैयार की गईं। उन्होंने कहा कि संघ के घोष वादक व्यक्तिगत प्रशंसा या तालियों के लिए वादन नहीं करते। इसका उद्देश्य स्वयंसेवकों में अनुशासन, निस्वार्थ भाव, टीमवर्क और सामूहिक प्रगति की भावना विकसित करना है।
