बॉलीवुड

2011 में डायरेक्टर ने किया था Swara Bhasker का यौन उत्पीड़न, एक्ट्रेस ने कहा- 'उस आदमी ने मुझे...'

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 15, 2026, 05:39 PM IST

Swara Bhasker Sexually Harassed By Director: स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों का एक मुश्किल अनुभव शेयर किया है। एक्ट्रेस ने सालों बाद इस घटना पर खुलकर बात की।

Image

2011 में फिल्म के डायरेक्टर ने स्वरा भास्कर को किया था हैरेस, सालों बाद बताया क्यों नहीं उठाई आवाज (Image Source: AI)

Swara Bhasker Sexually Harassed By Director: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने साल 2011 में अपने साथ हुई एक परेशान करने वाली घटना के बारे में बात की है। ये मामला मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान का है। उस समय स्वरा फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं। 'तनु वेड्स मनु' (Tanu Weds Manu) एक्ट्रेस ने बताया कि उस वक्त उनके पास न तो अपनी कोई टीम थी और न ही ऐसे लोग, जिनसे वो मदद मांग सकती थीं। यही वजह थी कि उनके लिए उस स्थिति से निपटना आसान नहीं था। अब एक बातचीत में उन्होंने बताया है कि उस दौरान उनके साथ क्या हुआ था और उन्हें इस बारे में समझने में इतने साल क्यों लग गए।

2011 में फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी घटना

एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर से खबरों में आ गई हैं। इसकी वजह स्वरा भास्कर का अभी हाल ही में दिया इंटरव्यू है। The Free Press Journal के साथ बातचीत के दौरान स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने एक आउटडोर शूट से जुड़ा किस्सा याद किया। इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर ने कथित तौर पर उन्हें परेशान किया था। उस समय स्वरा शुरुआत में उनके बर्ताव को यौन उत्पीड़न के तौर पर नहीं समझ पाई थीं, क्योंकि डायरेक्टर ने उन्हें शारीरिक रूप से छुआ नहीं था। उन्होंने बताया, 'मुझे तब ये समझ ही नहीं आया। जब ये सब हो रहा था, तब मैंने इसे वर्कप्लेस पर यौन उत्पीड़न के तौर पर नहीं पहचाना, क्योंकि उस आदमी ने मुझे शारीरिक रूप से नहीं छुआ था।' एक्ट्रेस ने आगे कहा कि 'मैं उस समय एक अलग तरह से कमजोर स्थिति में थी। मेरी कोई पर्सनल टीम नहीं थी और न ही ऐसे लोग थे, जिनसे मैं मदद के लिए संपर्क कर सकती थी।'

मीटू मूवमेंट के बाद समझ आया कि उनके साथ क्या हुआ था

स्वरा ने बताया कि कई साल बाद जब मीटू (MeToo) मूवमेंट के दौरान दूसरी महिलाओं ने अपने साथ हुए अनुभव शेयर किए, तब उन्हें अपने साथ हुई घटना का एहसास हुआ। उन महिलाओं की बातें पढ़ने के बाद उन्हें समझ आया कि डायरेक्टर का व्यवहार भी यौन उत्पीड़न था। उन्होंने आगे बताया कि दूसरी महिलाओं के अनुभव पढ़ने के बाद उन्हें लगा कि उनके साथ जो हुआ था, वो भी उत्पीड़न का एक साफ उदाहरण था।

काम छूटने के डर से फिल्म छोड़ना नहीं चाहती थीं स्वरा

एक्ट्रेस ने बताया कि जिस फिल्म की शूटिंग चल रही थी, उसका शेड्यूल 56 दिनों का था और शूटिंग शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद यह परेशानी सामने आने लगी थी। लेकिन उस समय स्वरा अपना करियर बनाने में जुटी थीं। वो किसी भी कीमत पर अपना काम छोड़ना नहीं चाहती थीं। उन्हें डर था कि अगर वो प्रोजेक्ट छोड़ देती हैं, तो उनके हाथ से काम निकल जाएगा। स्वरा ने कहा, 'मैं प्रोजेक्ट छोड़ना नहीं चाहती थी। मैं अपना काम नहीं खोना चाहती थी। मेरी भी अपनी महत्वाकांक्षाएं थीं और इसमें गलत क्या है?' उन्होंने बताया कि आखिरकार उन्होंने फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर से इस बारे में बात की और उन्हें पूरी स्थिति बताई।

एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर ने की थी स्वरा की मदद

स्वरा ने उस एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की तारीफ की, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्होंने न सिर्फ उनकी बात सुनी, बल्कि शूटिंग के बाकी समय में उनका ख्याल भी रखा और उन्हें सुरक्षित महसूस कराया। स्वरा ने बताया कि वो शख्स आगे चलकर उनके दोस्त बन गए और आज उनके मैनेजर भी हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article