Suniel Shetty on KL Rahul: एक्टर सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) इन दिनों अपनी फिल्म वेलकम टू द जंगल (Welcome To The Jungle) को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म वेलकम टू द जंगल ने रिलीज होते ही धमाल मचा दिया है। इसी बीच सुनील शेट्टी ने टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के पॉडकास्ट बातें दिल से (Baatein Dil Se) में अपने दामाद और भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल (KL Rahul) को लेकर ऐसी बात कही, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। सुनील ने बताया कि राहुल का मैच टीवी पर लाइव देखना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं होता। तो चलिए जानते हैं सुनील शेट्टी ने क्या बोला है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:Suniel Shetty ने पीआर और फैशन कल्चर पर निकाली भड़ास, 'अन्ना' निकनेम पर बोले- 'पहचान बन चुका है'
सुनील शेट्टी ने कही ये बात
सुनील शेट्टी ने बातें दिल से में नाविका कुमार से बातचीत के दौरान बताया कि एक समय वो भी क्रिकेट खेलते थे। उनका कहना था कि अगर उस दौर में राजनीति इतनी ज्यादा न होती, तो शायद वो भी क्रिकेट में आगे बढ़ सकते थे। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं अच्छा खेलता था, लेकिन उस समय काफी राजनीति थी। अब आईपीएल आने के बाद खिलाड़ियों के लिए कई नए मौके खुल गए हैं।' सुनील ने ये भी बताया कि अब वो केएल राहुल का मैच स्टेडियम में बैठकर देखने से बचते हैं। उन्होंने कहा, 'जब राहुल खेलते हैं तो मैं इतना घबरा जाता हूं कि लाइव मैच ही नहीं देखता। बाद में सिर्फ हाइलाइट्स देख लेता हूं। बहुत ज्यादा टेंशन हो जाती है। मुझे लगता है कि जब मैं मैच नहीं देखता, तब वो अच्छा खेलता है। इसलिए मैंने स्टेडियम जाना भी छोड़ दिया है। वरना मैं हर मैच में सामने खड़ा होकर चिल्लाता रहता। अब तो डर के मारे दूर ही रहता हूं।' उन्होंने एक किस्सा भी सुनाया। सुनील ने बताया कि एक बार वह अपनी पत्नी माना शेट्टी के साथ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच देखने गए थे। दोनों फ्रंट में खड़े थे। जैसे ही वो माना से बात करने के लिए पीछे मुड़े, उसी वक्त राहुल पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद वह पूरे मैच के दौरान अंदर जाकर बैठ गए और आखिर तक बाहर नहीं निकले। हालांकि कैमरों ने उन्हें फिर भी कैद कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Baatein Dil Se: 'देश से जुड़े ही नहीं है कभी...'धुरंधर को प्रोपेगेंडा बताने वालों पर फूटा Suniel Shetty का गुस्सा
राहुल को नहीं देते सलाह
सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि वह कभी भी राहुल को क्रिकेट को लेकर सलाह नहीं देते। उन्होंने बताया कि राहुल कर्नाटक के मंगलुरु में खेलते थे, जो उनकी बर्थप्लेस से करीब तीन किलोमीटर दूर है। उन्होंने कहा, 'मुझे शुरू से राहुल का खेलने का तरीका बहुत पसंद था। मुझे राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर जैसे खिलाड़ी हमेशा पसंद रहे हैं। राहुल भी मुझे उसी तरह का खिलाड़ी लगा। मैं उसके खेल का भी फैन था और इंसान के तौर पर भी उसे बहुत पसंद करता था। आज हर कोई मुझसे कहता है कि तुमने ही उसे अपने परिवार का हिस्सा बनने की दुआ मांगी थी। माना और राहुल की बॉन्डिंग कमाल की है। मेरी भी राहुल के साथ वैसी ही बॉन्डिंग है। मैं उसे कभी अपना दामाद नहीं कहता। मेरे लिए वो मेरा बेटा है।'
